फ़रवरी 28, 2012

लिखती होगी नाम मेरा वो

जिन यादों को नींद न आये

उन्हें सुलाना बहुत कठिन है

दिल कि दुनिया जिन्हें बसाए

उन्हें भुलाना बहुत कठिन है|

लिखती होगी नाम मेरा वो

आज भी अपने तकिये पर

यह तो केवल सुई ही जाने

चली वो कितना बखिए  पर |

दोनों की इस व्यथा कथा को

आज सुनाना बहुत कठिन है|

बहुत ज़मीनी दूरी है पर

रहती है वो पास ही मेरे

उसकी यादों में गुजरे जों

वे पल  हैं सब खास ही मेरे|

क्यों मैं उसकी कसमें खाऊं

जिसे बुलाना बहुत कठिन है |

सच कहता हूँ तुमसे यारों

मेरी तरह ही जीती होगी

मेरे बिना ज़िंदगी को वह

ज़हर समझकर पीती होगी|

उसका नाम बता देता पर

सच झुठलाना बहुत कठिन है|

{कृष्ण बिहारी}

 

फ़रवरी 22, 2012

मुझे ना ढूंढ!

फ़ना होना ये ही है अंजामे-इश्क, उसमे ज़िन्दगी ना ढूंढ,
आफताब का जलवा देख, ज़र्रे में रौशनी ना ढूंढ|

नए आयाम को देख, जो हो चुका उसे मुड कर न देख,
ग़म दबा हुआ निकाल, बेवजह पड़ा ग़म ना देख |

मेरे हाल-ए-बेज़ार से नफरत न कर,  दिल को देख,
सहर भी जिसकी शाम हो , उसकी ज़िन्दगी ना देख !

(बकुल ध्रुव)

फ़रवरी 14, 2012

प्रीत

प्रीत जन्म है प्रीत मरण है प्रीत धरा है  प्रीत गगन है

प्रीत छाँव है प्रीत तपन है प्रीत मधुर वह आलिंगन है

जिसको सबने किया नमन है!

प्रीत मधुरिमा प्रीत अरुणिमा प्रीत अमावस प्रीत पूर्णिमा

प्रीत ह्रदय में सूर्य-चन्द्र सी उदय – अस्त में यही लालिमा

प्रीत-रीत से अलग खड़ी- सी हर इक मन की ही दुल्हन है!

प्रीत रुदन है प्रीत गीत है प्रीत हार है प्रीत जीत है

कहीं मुखर है कहीं मौन है प्राणों का आधार प्रीत है

देह और मन के जुड़ने से बनी धरा पर यह वंदन है!

जड़-चेतन में यही चेतना प्रीत खुशी है प्रीत वंदना

प्रीत आदि है प्रीत अंत है कहीं ऊपरी कहीं साधना

सघन वृक्ष की तरह जगत में आवारों का प्रीत भवन है!

प्रीत गंध है प्रीत डगर है प्रीत गाँव है प्रीत नगर है

यह गोरी है यह चूनर है कहीं सिंधु है कहीं लहर है

प्रीत कहीं पर धुल हो गयी कहीं माथे पर यह चंदन है!

कालिदास में यह शकुंतला मीरा में यह कहीं किशन है

ताजमहल की यही नायिका शाहजहां का एक सपन है

माने कोई बात अगर तो प्रीत ह्रदय का ही दरपन है!

प्रीत कहीं सरनाम हुयी है प्रीत कहीं बदनाम हुयी है

प्रीत कहीं गुमनाम हुयी है प्रीत कहीं नीलाम हुयी है

लेकिन इसके बावजूद भी प्रीत जगत का अंतर्मन है!

जाने कितनी भरी पोथियाँ बात प्रीत की करते-करते

जाने कितने युग बीते हैं बात प्रीत की करते-करते

मेरे तो मौलिक चिंतन में सरल-कठिन-सा यह दर्शन है!

प्रीत राधिका प्रीत भवानी घनानन्द की आम- कहानी

प्रीत शूल है प्रीत सुमन है प्रीत चैन है प्रीत चुभन है

प्रीत तपस्या प्रीत यातना यह जीवन की सरस साधना

पिघल गए पाषण जिसे सुन आहत मन का वह क्रंदन है!

{कृष्ण बिहारी}

फ़रवरी 10, 2012

तुम्ही बताओ क्या होगा?

जब धरती जैसी प्रिया गगन के आगे हो तो तुम्ही बताओ क्या होगा?

रजनी-गंधा देह तुम्हारी
मन गंगा का पानी
जी चाहे तुम पर मैं लिख दूं
कोई प्रेम कहानी |

जब ऐसा अदभुत रूप नयन के आगे हो तो तुम्ही बताओ क्या होगा?
जब धरती जैसी प्रिया गगन के आगे हो…

बेले में है खुशबू तुमसे
रूप में रंग तुम्हारा
रंग और खुशबू का बोलो कैसे हो बंटवारा
जब इतनी कठिन घड़ी उपवन के आगे हो तो तुम्ही बताओ क्या होगा?
जब धरती जैसी प्रिया गगन के आगे हो…

केश तुम्हारे रेशम – रेशम
भौंह लचकती डाली
मधु- प्याले से नयन तुम्हारे
ओठ उषा की लाली
जब इतनी रूप-राशि दर्पण के आगे हो तो तुम्ही बताओ क्या होगा?
जब धरती जैसी प्रिया गगन के आगे हो…

यह तो शायद तुम ही जानो कौन बसा है तुम में
तुम्हे देख कर मैं यह मानूं
अघट नशा है मुझमें
जब बारिश की दो बूँद तपन के आगे हो तो तुम्ही बताओ क्या होगा?

{ कृष्ण बिहारी }

अक्टूबर 13, 2011

मुक्त हो अर्थहीन काया

कभी आँखों से गिरे होंगे अश्रु
पानी की बहती बूंदे थाम लेने के वास्ते
तब, एक रेशमी आँचल था।

आसान था धूप का सफर भी
घनेरी जुल्फ के साये में
जिंदगी सुस्ता लेती थी।

फिर चल पड़ता था आशाओं का कारवां
मरीचिकाएं भी उन दिनो
मंजिलों के निशान हुआ करती थीं
हर प्यास का इलाज थे
अमृत भरे होठ किसी के।

समय के घने कोहरे पीछे
छिप गए सायों का ज़िक्र ही क्या?
खुद अपना अस्तित्व तक
बेबसी के अँधकार के पास गिरवी है
ना राह, ना सफर, ना मंजिल की आरजू
बस सोचता है शून्य सा दिमाग
किसी तरह साँसों का क़र्ज़ कटे
किसी तरह हाड-माँस की केद से
मुक्त हो अर्थहीन काया

(रफत आलम)

अक्टूबर 9, 2011

चे-ग्वारा- आम आदमी के हालात कभी बदलेंगे क्या!

इससे पहले कि,
भूखे–नंगे,
आसमान से बगावत कर बैठते,
उलट जाते मठाधीशों के सिंहासन,
जिल्लेसुभानी बनने वालों के
ताज नोंच दिए जाते,

इससे पहले कि बराबरी का
हक मांगने के लिए
लहू पसीने की अंतिम क्रांति                                                                    
उठ खड़ी होती,

पोथियों–उपदेशों-बाजों ने
‘वह सबकी परीक्षा लेता है-
धीरज रखो बन्दों’
‘उसके घर देर है अँधेर नही’
की अफीम देकर
सुला दीं फैले हुए हाथों की फरियादें।

फिर भी कोई आवाज़ अगर
इन्साफ के लिए कराही
तुरंत ज़बान काट कर खामोश
कर दी गयी।

समय के जंजाल में फँसा
हिमालय कचरे का ढ़ेर बन गया है
मैली हो गई पवित्र गँगा भी
पर महलों-अट्टालिकाओं की आभा है वही
वही है फतवों–धर्मादेशों की चमक
वही है अभावों की चक्की में
पिसता आदमी।

न कुछ बदला है न बदलेगा
चींटी के पगों आवाज़ सुनने वाले
तेरे घर सदा देर है!

(रफत आलम)
……….

 चे-ग्वारा के संघर्ष करने के तौर तरीकों को लेकर मतभेद हो सकते हैं पर इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता कि बीसवीं सदी को प्रभावित करने वाली चंद बड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शख्सियतों में एक वे भी थे और जब तक विश्व में किसी भी तरह के कमजोर वर्ग पर शक्तिशाली वर्ग अत्याचार करता रहेगा तब तक चे-ग्वारा और उन जैसे योद्धाओं की आवश्यकता बनी रहेगा और वे जन्मते रहेंगे। उन्होने विश्वपटल पर जैसे नौजवानों को प्रभावित किया वह विचारणीय है, प्रशंसनीय है।

वे मृतप्राय व्यक्ति नहीं थे कि जैसा चल रहा था उसे वैसा ही स्वीकार करके एक समझौतापरक जीवन जीते। वे एक जीवंत आत्मा थे और उन्होने अपने समय के विश्व को बदलने का पुरजोर प्रयास किया। 9 अक्टूबर 1967 को केवल 39साल की आयु में दुनिया से कूच कर गये पर इस कम आयु वाले जीवन में भे उन्होने दुनिया को अपने कर्मो और सोच से हिला दिया था। उनकी चवालिसवीं पुण्यतिथि पर उनका स्मरण करते हुये उनके संघर्षशील व्यक्तित्व को नमन।

CHE GUEVARA

(June 14, 1928-Oct.9, 1967.)

‘If you tremble with indignation at every injustice then you are a comrade of mine.’

‘I am not a liberator. Liberators do not exist. The people liberate themselves.’

‘The life of a single human being is worth a million times more then all the property of the richest man on earth.’

‘Justice remains the tool of a few powerful interests; legal interpretations will continue to be made to suit the convenience of the oppressor powers.’

‘It’s a sad thing not to have friends, but it is even sadder not to have enemies.’

‘We must struggle every day so that this love for humanity becomes a reality.’

‘The revolution is not an apple that falls when it is ripe. You have to make it fall’.

‘In a revolution, one triumphs or dies’.

‘Cruel leaders are replaced only to have new leaders turn cruel!’

‘Better to die standing, then to live on your knees.’

‘One has to grow hard but without ever losing tenderness.’

‘I know you have come to kill me. Shoot, you are only going to kill a man.’

अक्टूबर 8, 2011

मेहँदी रची उंगलियां

गुज़री रात
गहरी नींद में
सोया देख कर
सवेरे
बिस्तर बोला-
उसको भूल गए क्या?

कोई कैसे बताये
कमीज़ के एक टूटे बटन ने
कितने अफ़साने
याद दिलाए हैं,
इस वक्त भी
धुंधला गयी आँखें
सुंई में डोरा पिरोती
देख रही हैं
वही
मेहँदी रची उंगलियां

(रफत आलम)

अक्टूबर 7, 2011

घाटियों में प्रेम की, फिर कोई उतार ले

एक बार फिर कोई प्यार से पुकार ले…

प्यार से कोई मेरी ज़ुल्फ को संवार दे
बोझ सभी ज़िंदगी के प्यार से उतार दे
हाथ मेरा थामकर हर सफर में वो चले
इस चमन से जो गई वही मुझे बहार दे

प्रसून सा कहीं खिलूँ फिर कोई निहार ले
एक बार फिर कोई प्यार से पुकार ले…

मेरे नयनों में फिर सपने वो जागने लगें
तस्वीर दिल में फिर वही हम टांगने लगें
मंदिरों में, मस्जिदों में मौन होके या मुखर
साथ उम्र भर का झुके माथ मांगने लगें

घाटियों में प्रेम की, फिर कोई उतार ले
एक बार फिर कोई प्यार से पुकार ले…

नज़र मिला नज़र गिरा, ओट में ही मुस्करा
खुले बहुत मगर फिर भी लाज हो ज़रा-ज़रा
इस तरह लगे कि जैसे अंग-अंग भर उठे
धरा अगर लगे परी तो आसमां भरा-भरा
मन के तार छेड़ दे फिर कोई सितार ले
एक बार फिर कोई प्यार से पुकार ले

{कृष्ण बिहारी}

अक्टूबर 5, 2011

झुकी मूँछ

मुझमें पत्थर पड़े हैं क्या
लोग हीरे के बने हैं क्या

अँधे, बहरे और बस चुप
ये हादसों के बचे हैं क्या

फुटपाथ पर बड़ी है भीड़
कहीं झोपड़े जले हैं क्या

आपको भाती है जिंदगी
हवा महल में बसे हैं क्या

नमक क्यों लाए हो यार
घाव अब भी हरे हैं क्या

जिंदगी-मौत, धुंआ–खुशबु
ये किसी के सगे हैं क्या

माहौल काला सा क्यों है
बस्ती में पेड़ कटे हैं क्या

हाथों के पत्थर किसलिए
शहर में शीशे बचे हैं क्या

भला लगने की बात जुदा
लोग सच में भले हैं क्या

इन्साफ का पता पूछते हैं
आप शहर में नए हैं क्या

मूँछ झुकी कैसे है आलम
बेटी  के बाप बने हैं क्या

(रफत आलम)

अक्टूबर 4, 2011

बेज़ुबान अहसास

यूँ ही भटकते हुए पता नहीं
क्यों लौटा था बरसों बाद
पार्क के उस कोने की ओर
जहाँ खुशबू भरे माहौल में
रंगीन सपने बुने जाते थे कभी।

लकड़ी की बेंच अब वहाँ नहीं है
जिस पर बिखरा करता था
अल्हड़ उमंगों का ताना-बाना।

चहचहाते पंछी कब के उड़ गये
प्रेमगीत गाकर
नीम के मोटे तने पर,
नादान उम्मीदों ने गोदे थे नामों
के पहले अक्षर
सूखा ठूठ बना खडा है वह।

आज भी हवाओं के दामन पर
मंज़र दर मंज़र धुंधलाई हुई कहानियाँ
फव्वारों की इंद्रधनुषी फुहारों में
बिखर रही हैं कतरा कतरा।

खामोशी की भाषा पढ़ने वाली आँखे
अब कहाँ उस अहसास के साथ
जिसके पास केवल बेज़ुबानी बची है।

(रफत आलम)

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 41 other followers