Posts tagged ‘maut’

अक्टूबर 5, 2011

झुकी मूँछ

मुझमें पत्थर पड़े हैं क्या
लोग हीरे के बने हैं क्या

अँधे, बहरे और बस चुप
ये हादसों के बचे हैं क्या

फुटपाथ पर बड़ी है भीड़
कहीं झोपड़े जले हैं क्या

आपको भाती है जिंदगी
हवा महल में बसे हैं क्या

नमक क्यों लाए हो यार
घाव अब भी हरे हैं क्या

जिंदगी-मौत, धुंआ–खुशबु
ये किसी के सगे हैं क्या

माहौल काला सा क्यों है
बस्ती में पेड़ कटे हैं क्या

हाथों के पत्थर किसलिए
शहर में शीशे बचे हैं क्या

भला लगने की बात जुदा
लोग सच में भले हैं क्या

इन्साफ का पता पूछते हैं
आप शहर में नए हैं क्या

मूँछ झुकी कैसे है आलम
बेटी  के बाप बने हैं क्या

(रफत आलम)

सितम्बर 25, 2011

शाह या फकीर, मरना दोनों को है

गुलेल की जिद है देखे, कहाँ तक पत्थर जाता है
उसे कौन समझाए घरों का शीशा बिखर जाता है

शाम ढले जब पंछी भी नीड़ों को लौटने लगते हैं
एक शख्स घर से निकल के जाने किधर जाता है

मेरी प्यास किसी निगाहें करम की मोहताज नहीं
इस फकीर का प्याला तो खुद से भी भर जाता है

यही मजबूरी तो है जिंदगी की सबसे बड़ी मजबूरी
शाह हो के फकीर आखिर में आदमी मर जाता है

उजाले के तलाशी पाँव के इन छालों से डर कैसा
दीपक से सूरज तक लपटों का रहगुज़र जाता है

ताज बने कि मशीने चले जीवन भूखों के रोते हैं
हाथ नहीं जाते आलम, इस दौर में हुनर जाता है

(रफत आलम)

सितम्बर 23, 2011

बूँद और समंदर

 

जिंदगी गुजारनी थी सो गुज़र की है
ये न पूछो किस तरह से बसर की है

घायल हैं सभी पर बताता नहीं कोई
पत्थरों को तलाश किसके सर की है

छप्पर जले तो महल भी नहीं बचेंगे
आग कब देखती है हवा किधर की है

रिश्तों की मौत पर अब रोता है कौन
हर आँगन के बीच दीवार घर की है

चूड़ियों के टकराव से टूटे हैं भाईचारे
बर्तनों की खनक तो रौनक घर की है

जिधर देखा, हैं आँसू आहें और कराहें
हम कैसे कहें ये दुनिया पत्थर की है

जहाँ पर शुरू, वहीं आखिर है आलम
बूँद से है समंदर तो बूँद समंदर की है

(रफत आलम)

सितम्बर 13, 2011

ज़हर भी है मुस्कान में

 

काबे में मिले ना हमको सनमखानों
कुछ होश वाले जो मिले मयखानों में

मेरे जुनूं को तलाश जिस होश की है
फरजानों में पाया न मिला दीवानों में

अक्ल के फ़रमान सहन होते किससे
शुक्रिया तेरा जो रखा हमें दीवानों में

हुस्न, इश्क, यारी, ईमान, अकीदे खुदा
क्या नहीं बिकता है आज दुकानों में

मौत को भी जाने ठौर मिले न मिले
जिंदगी तो कटी किराए के मकानों में

कसले दौर में सांस लेने की है सज़ा
कांटे उग आये लोगों  की ज़बानों में

कभी खापों के रुलाते फैसले भी देख
लैला मजनू तो पढ़े तूने दास्तानों में

नर्म मैदान ने गंदा कर के खा लिया
नदी पाक थी जब तक बही चट्टानों में

हँसी की महफ़िल में ज़रा होश आलम
ज़हर का भी पुट होता है मुस्कानों में

(रफत आलम)

फरजानों – बुद्धिमानों , फ़रमान – आदेश

अगस्त 17, 2011

छिन जाने का भय, जो तुम्हारा सुख छीनता है

जन्म से
मृत्यु होने तक
व्यक्ति भय के साये में जीता है,
यह भय और कुछ नहीं बस
कुछ छिन जाने का भय है,
जो तुम्हारा सुख छीनता है|

बच्चा पैदा होने के तुरंत बाद
जोर जोर से रोता है,
उसकी दुनिया बदल गयी है,
उसे भय लग रहा है कि
वह कहाँ पहुँच गया है,
पेट की अँधेरी
नर्क जैसी कोठरी से बाहर
आँखे बंद कर देने वाला प्रकाश भी
उसे भयभीत कर देता है|

जीवन में  फिर
रोटी, कपड़ा और मकान
छिन जाने का भय भी
व्यक्ति को भयभीत करता है|

जीवन का सबसे बड़ा भय,
जो हर व्यक्ति को
हर समय और
हर उम्र में
सबसे अधिक डराता है,
वह शरीर छिन जाने का भय है,
यानि मौत का भय
क्योंकि अपनी जान
हर व्यक्ति को प्यारी होती है|

क्या भय से आखिर
छूटा जा सकता है?
हाँ परन्तु बड़े कष्ट से
क्योंकि भय का मूल
तुम्हारा अपना ही बुना हुआ
मकड़ी का मोहजाल है,
मकड़ी पहले खूब मेहनत कर
जैसे जाला बुनती है
और फिर
उससे छूटने के लिए
छटपटाते हुए
खूब हाथ-पांव मारती है
परन्तु उससे छूटे नहीं बनता
उसे उससे छूटना है तो
वह केवल दो ही स्थितियों में
छूट सकती है,
या तो जाला टूट जाए,
या फिर उसकी जान छूट जाए,
ठीक यही स्थिति व्यक्ति की भी है,
या तो उसका मोहजाल टूट जाए
या उसका शरीर छूट जाए|

मोहजाल यानी
वह मायाजाल
जिसका मूल अज्ञान है,
अज्ञान, न जानना है
यह न जानना कि क्या ‘है’
और यह कि जो ‘है’
वही सत्य है|

सत्य और ज्ञान
पर्याय हैं क्योंकि
सत्य को जानना ही तो
ज्ञान है
और जो है ही नहीं
वह असत्य है|

शरीर नश्वर है,
आत्मा अनश्वर है,
जीवन केवल आत्मा से है
शरीर से नहीं,
इसलिए शरीर छूटने से
जीवन नहीं छूटता,
केवल पुराना घर छूटता है,
और आत्मा फिर से
अपने लिए एक
नया शरीर रुप घर बसा लेती है,
इसलिए यह जानना कि
पुराना घर छूटना ही है
और फिर नया घर बसना है
सत्य है, ज्ञान है
और
सत्य जान लेने से
असत्य और
ज्ञान होने से अज्ञान
स्वतः ही मिट जाता है
जैसे प्रकाशमयी सुबह होने पर
अंधकारमयी रात्रि का अँधेरा
स्वतः ही मिट जाता है
और फिर मोह से मुक्त होने पर
सुख की प्राप्ति स्वतः ही हो जाती है !

(अश्विनी रमेश)

टैग: , , , , , , ,
अगस्त 11, 2011

गम का आसरा : नरेश कुमार ’शाद’

दिले बेमुददाआ दिया है मुझे
देने वाले ने क्या दिया है मुझे

दोस्तों ने दिए हैं ज़ख्म कहाँ
दोस्ती का सिला दिया है मुझे

मुझको दुनिया का तजुर्बा ही नहीं
तजुर्बे ने बता दिया है मुझे

जिंदगी से तो क्या शिकायत हो
मौत ने भी भुला दिया है मुझे

जब भी घबरा गया हूँ मैं गम से
गम ने खुद आसरा दिया है मुझे

…………..
प्रस्तुती : रफत आलम

जुलाई 28, 2011

चिंता जहर, चिंतन संजीवनी (संत सिद्धार्थ)

मित्रों, आज कुछ देर बात हो जाये चिंता पर। चिंता दीमक समान है जीवन के लिये और यह धीरे-धीरे मानव की चेतना को खाकर जीवन को पूर्णतया नष्ट कर देती है। आप गौर से अपने स्वभाव को देखना, अपने आसपास के लोगों के स्वभाव को देखना, चिंता करना धीरे-धीरे एक आदत बन जाती है।

चिंता उपजती है भय से। भय कि कल क्या होगा। चिंता उपजती है अहंकार से जन्मी निराशा से कि जीवन की बागडोर हाथ से निकल रही है… जैसे कि जगत में सब कुछ मानव की इच्छा से हो रहा है! क्या मानव हर बात को नियंत्रित कर सकता है?

आज में न जीकर, अभी न जीकर जब लोग भविष्य में जीना शुरु कर देते हैं, भूत काल के भूतों के साथ रहना शुरु कर देते हैं तब चिंता को उनके अंदर वास करने का मौका मिल जाता है। कभी किसी जानवर को चिंता करते देखा है? अगर कोई खतरा आन पड़ा है तो वे वे बस क्षण में निर्णय लेते हैं। उस खतरे के पूर्वाभास में चिंता में नहीं गले रहते।

एक और बात स्पष्ट कर लें। चिंता और चिंतन एक ही बात नहीं है। चिंता निराशाजनक है…प्राणघातक है, भय में इसका मूल छिपा होता है। चिंता ऋणात्मक भाव है। चिंता सुप्त मस्तिष्क का भाव है। चिंता ऐसे सारी ऊर्जा सोख लेती है जैसे कि बहुत से पेड़ और लतायें भू-जल सोख कर आसपास की जमीन की उर्वरा क्षमता को भी खा जाती हैं। चिंता से होकर जाने वाला रास्ता चिता की ओर ले जाता है। चिंता करने की आदत वाला व्यक्त्ति जीवन में परेशानियों का सामना नहीं करता बल्कि उनके बारे में सोचता रहता है। वह नदी किनारे बैठा रहता है कि अगर पानी में उतर गया तो गीला हो जायेगा, ठण्ड लग जायेगी, बीमार पड़ जायेगा। वह कभी नदी के उस पार नहीं जा पाता और वहाँ क्या क्या बसा है इसे देखने, जाने और समझने से वंचित ही रह जाता है। चिंता करने वाला व्यक्त्ति जीवन के बहुत सारे पहलुओं से अनभिज्ञ ही रह जाता है।

चिंतन के साथ ऐसा कोई ऋणात्मक वातावरण नहीं उपजता। चिंतन का मूल साहस में छिपा होता है। चिंतन चेतन मस्तिष्क की उपज है। कुछ परेशानी आये जीवन में तो चिंतन करने वाला व्यक्त्ति रास्ता खोजता है आगे बढ़ने का। चिंतन करने वाला व्यक्त्ति प्रबंधन करने में कुशल होता जाता है। वह जीना सीख लेता है। वह हर पल भय में नहीं जीता कि कल क्या होगा। वह अपने को तैयार करता रहता है, गुणों से भरता रहता है ताकि जीवन में किसी भी परिस्थिति में वह और उसका मस्तिष्क तत्परता से सक्रियता दिखा सके। हार-जीत, सफलता-असफलता से परे वह जीने में विश्वास करने लगता है।

ऐसा नहीं कि चिंतन करने वाला व्यक्त्ति भविष्य के प्रति उदासीन रहेगा। पर वह चिंता करने वाले की भांति भविष्य का भय वर्तमान पर लाद कर आज और अभी के पलों को नष्ट नहीं करेगा।

चिंता करते वक्त्त मस्तिष्क में बेकार के विचार ही घूमते रहते हैं। मस्तिष्क कोई भी उपयोगी विचार उत्पन्न नहीं कर पाता और चिंतित व्यक्त्ति अंत में हार मानकर बैठ जाता है कि अब उससे कुछ न हो सकेगा।

बहुत से व्यक्त्ति ऐसे भी हैं जो इसलिये चिंता को अपना लेते हैं क्योंकि उन्हे लगता है कि अगर वे चिंता न करें तो वे सक्रिय नहीं रह पायेंगे और चिंता उन्हे हमेशा कुछ न कुछ करने की ओर धकेलती है और वे वे बुरे से बुरे विचार सोचते रहते हैं और फिर चिंता की वर्तुलाकार गति में उलझे रह जाते हैं।

चिंता जीवन में जो कुछ भी अच्छा है उस सबकी ओर से व्यक्त्ति की आँखें बंद करवा देती है। धीरे-धीरे चिंता व्यक्त्ति को अवसाद, उदासी, और तनाव से भरे ऋणात्मक वातावरण में ले जाती है और वह नींद और सुख-चैन से हाथ धो बैठता है। और किस कारण यह सब? सिर्फ मस्तिष्क में ऊट-पटांग सोचते रहने के कारण। चिंता करने की आदत रखने वाला हर बात में चिंता करने की गुंजाइश खोज लेता है। वह हरेक बात से परेशान रहता है।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है। भले ही कभी कभी ही सही तो जागरुक होने की आवश्यकता है। चिंता को चिंतन में बदलने का प्रयास करें। समझ कर प्रयास करेंगे तो धीरे-धीरे ही सही पर आप चिंता से दूर होकर चिंतन की ओर बढ़ना शुरु कर देंगे और जीवन जीना शुरु कर देंगे।

चाहे तो इसे इस तरह से मान लें कि चिंता के साथ हर तरह की हानि आती है जीवन में और चिंतन के साथ लाभ आते हैं। कोई क्यों हानि भरा जीवन जीना चाहेगा?

जगत से भयभीत न हों। जीवन से भय न रखें। जीवन के उतार-चढ़ावों से न घबरावें। जीवन में मौसम के बदलाव से चिंतित न हों। जीवन की अनिश्चितता से भयभीत होकर जीवन में घुन न लगा लें।

जब एक घंटे का या कुछ घंटों का खेल खेलते हो तो क्या इस बात से भयभीत होकर मैदान से बाहर ही बैठे रहते हो कि हार जाओगे? या हे भगवान चोट लग जायेगी या कैसे सब कुछ होगा।

नहीं आप मैदान में उतरते हो…खेल खेलते हो और जैसी परिस्थितियाँ खेल के दौरान सामने आती हैं उसी के अनुरुप प्रदर्शन करने की कोशिश करते हो। बस यही जीवन का भी खेल है।

जैसे खेल के लिये अपने को गुणी बनाते हो, तैयार करते हो, वैसे ही जीवन में भी करने की जरुरत है।

गौर से देखना आप विचारों को रोक सकते हो, उनकी दिशा बदल सकते हो। जब तक आप रेडियो ऑन नहीं करते तब तक कोई स्टेशन नहीं लगता और यह आपके हाथ में है किस स्टेशन को आप सुनना चाहें, कहीं गीत आ रहे हैं, कही वार्ता चल रही है, कहीं नाटक चल रहा है। आप जो चाहते हो सुनते हो। मानव मस्तिष्क भी कुछ कुछ ऐसा ही है। हजारों-लाखों तरह के स्टेशन रुपी विचार तैर रहे हैं और मानव मस्तिष्क उन्हे पकड़ लेता है। अभ्यास से अपने मस्तिष्क को ऐसा बनायें कि यह उपयोगी बातें विचारने लगे।

विचार को रोकना या बदलना सीखें। जब आपको लगे कि चिंता आपको ग्रसित कर रही है। कुछ शारीरिक काम ही करने लग जायें, या कुछ भी और करें… ध्यान बँट जायेगा…विचार दूसरी ओर केंद्रित हो जायेंगे। ऊर्जा सही रुप में उपयोग होने लगेगी। धीरे-धीरे आपको विचारों पर नियंत्रण करना आ जायेगा।

ध्यान रखें हमेशा कि जीवन तो चुनौतियाँ देता रहेगा। और यह मानव को सोचना है कि वह क्या करना चाहता है नयी परिस्थितियों के साथ?

अगर जीना है तो उसे कमर कसनी होगी कि रास्ते खोजे आगे बढ़ने के और मस्तिष्क का सही प्रयोग करेगा तो रास्ते मिल ही जायेंगे।

जीवन को चिंता से दूर ले जाकर चिंतन की ओर मोड़ें। यही एकमात्र वास्तविक प्रबंधन है जीवन में।

जुलाई 7, 2011

कहीं मकान बनाएँ क्या?

तकदीर की तह में उतर जाएँ क्या,
घर जलाके रौशनी को मनायें क्या?

होंटों पर ताले लगे हैं सुनायें क्या,
छुरी तले हैं ज़बाने तो गायें क्या?

बेकसी बता हद से गुजर जाएँ क्या,
जिंदगी के मारे हैं ज़हर खाएं क्या?

वहाँ भी कहीं मौत खड़ी मिलनी है,
जिंदगी तेरे रास्ते पर आयें क्या?

किस्मत कौन सी अपने हाथ में है,
किस्मत के मिले पर पछताएं क्या?

आज तो ज़रा भी दिल में नहीं दर्द,
किसी दोस्त को गले से लगाएं क्या?

कोई तो सूरत हो दिल बहलाने की
जिंदगी बता ताज़ा फरेब खाएं क्या?

हमने सरों पर छतें गिरती देखी हैं,
सोचते हैं कहीं मकान बनाएँ क्या?

(रफत आलम)

मई 24, 2011

चींटियाँ

देखता हूँ चीटियों को
पग तले आकर कुचले जाते
या किसी बेख्याल पान की पीक में
दबते हुए।

अकाल मृत्यु का सत्य
सबके साथ है
यूँ भी चंद घड़ी का होता है
इनका जीवन।

देखता हूँ चीटियों को
अपनी नियति से बेपरवाह
सूक्ष्म खाद्य कण मुँह में दबाये
बिलों की और भाग रही हैं।

लगता तो यही है
कर्म ही इनकी जाति, धर्म और नस्ल हैं
शायद यही जीवन का अर्थ भी।

ये नन्ही चीटियाँ
दिल-ओ-जान से
उस घर को बसाने की फिक्र में है
जो चंद बूँद पानी
एक मुट्ठी माटी से नष्ट हो सकता है।

मुझे भी घर की फिक्र बहुत है
नीची जात वालों को
पानी नहीं पिलाता अपने बर्तन में
किरायेदार नहीं रखता किसी विधर्मी को
रगं-रोगन और मरम्मत भी
करा लेता हूँ दफ्तर के बेगारियों से
घूस से दो नयी मंजिलें चढ़ा ली हैं
आशियाने पर।

मैं ढीठ मानव ठहरा
कब ग्लानि करता हूँ
अपने कर्मों पर
जो कार्यकुशलता नहीं
चाटुकारी की बुनियाद पर खड़े हैं।

कब ग्लानि करता हूँ
हैसियत पर
जो अंधेर नगरी में
दरबारी के सिवा क्या है।

कब ग्लानि करता हूँ
पदवियों पर
जो भ्रष्ट वजीरों के प्रति
अंधनिष्ठा का इनाम भर हैं
ये निष्ठा हर नई सरकार के साथ
बदल जाती है।

किसी ने सही तो कहा था मुझे कठपुतली
खुद के अस्तित्व का ठिकाना नहीं
चीटियों के ज़रूर ’पर’ लगा देता हूँ।

(रफत आलम)

मई 10, 2011

नीम की छांव

लोग जिसका नाम बेच रहे हैं खुली दुकानों में
कहते हैं उसका घर है दूर कहीं आसमानों में

मुझे कब से है तलाश कहीं उसका पता मिले
मंदिर की झाँकी में के मस्जिद की अजानों में

हकीकत की सख्त ज़मीन पर सब बिखर गए
हवा-महलों से निकला करते थे सपने उड़ानों में

कंक्रीट के दडबों से तंग आओ तो कभी लौटना
नीम की छांव आज भी है गावं के मकानों में

गौर से देखो तो सभी के चेहरे खून से रंगे हैं
इतिहास ने लिखे हैं जितने भी नाम महानों में

किसने कहा पत्थर के सीने में दिल नहीं होता
चोट खा के दरारें पड जाती हैं सख्त चट्टानों में

हर कहीं देख लो मासूम इश्क का वही अंजाम
यार खोये हो कहाँ लैला मजनूँ की दास्तानों में

गया वक्त रोता फिर रहा है सन्नाटों के साथ
वहाँ भी सकून नहीं है जाके देख लो वीरानों में

शर्मदार की मौत को चुल्लू भर पानी है काफी
छली गयी उमंगें ही डूबी आलम शराबखानों में

(रफत आलम)

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 44 other followers