Posts tagged ‘kavita’

सितम्बर 30, 2011

सब बेकार की बातें हैं

आदमी की कीमत नहीं मानव अंगों का बाज़ार है बड़ा
रहम-करम, दया-करुणा, शराफत सब बेकार की बातें हैं

आत्महत्या करने पर मजबूर है बेबस सर्वहारा आदमी
ईमानदारी, इन्साफ, इंसानियत सब बेकार की बातें हैं

शहर में आजकल फैशन है दो रातें लिवइन रिश्तों का
इश्क, प्रीत–प्रेम, प्यार, मोहब्बत सब बेकार की बातें हैं

खूनेदिल का लिखा रद्दीभाव, सरकारी चालीसे चलते हैं
गद्य, कविता, समीक्षा, ज़हानत सब बेकार की बातें हैं

झूठ को सौ बार बोल कर सच बनाने वाले का दौर है
सत्य, यथार्थ, सच्चाई, हकीक़त सब बेकार की बातें हैं

सकून की ज़रूरत कहाँ तनाव पालने वाली बस्ती को
सूफी–दरबार, आध्यात्मिक-संगत सब बेकार की बातें हैं

ज़हानत – बुद्धिजीविता

(रफत आलम)

सितम्बर 29, 2011

संभाल लो विरासत

 

भारी है कलम का बोझ
कांपती उंगलियां
निद्रा खो चुकी आँखों में
कोई सपना भी नहीं बाकी
जिससे
साकार कर सके कविता
इससे पहले कि मैं सो जाऊँ
इससे पहले कि कलम छुट जाए
टूट जाए मुझसे
जाग्रत ज़हनो, नवोदित विचारों
लो, संभालो इसे

(रफत आलम)

सितम्बर 5, 2011

मास्टर, डॉक्टर और पुलिस - भ्रष्टाचार के तीन स्त्रोत

वह एक पुलिस का सिपाही है
जो तलाश रहा है
एक सभ्य नागरिक
जिसकी ज़ेब से निकलवा सके
वह आखिरी नोट।

और

वह जो बंगला है ना
सामने
मेडिकल कॉलेज के एक
डॉक्टर का है
वहाँ जो भीड़ है
वह पागलों की है
बीमारों की है
मरीजों के साथ साथ उनके परिजन भी
बीमार हो गये हैं।
पागलों का इलाज करते करते
डॉक्टर भी हो गया है पागल पैसे के पीछे।

और

ये महाश्य जो अभी अभी घड़ी देखते
तेजी से घर से निकले हैं
वो रहे…
वो नाक की सीध में बढ़ते हुये
अध्यापक हैं
उन्हे पढ़ानी है ट्यूशन
फेल करते हैं बच्चों को एक एक नम्बर से
हर वीकली टैस्ट में
डर जाते हैं माँ-बाप
डर जाता है पूरा समाज
और पढ़ने लगता है ट्यूशन

ताकि हो सके सभ्य
और हो जाये पागल
दे सके ज़ेब का आखिरी नोट
किसी पुलिसिये को
किसी पागल डॉक्टर को
या फिर मास्टर को।


समाज को ये तीनों ही बचायेंगे…
फिर खायेंगे।


{कृष्ण बिहारी}

जुलाई 30, 2011

बाज की चोंच में ब्रह्मांड

मैं खुश होते-होते रुक जाता हूँ
मैं प्यार करते-करते डर जाता हूँ
मैं कवितायें लिखते-लिखते
गद्य की तरफ मुड़ जाता हूँ
मुझे रह-रहकर आ जाती है याद
कि एक बाज की चोंच से छूट
ब्रह्मांड जायेगा फूट
फिर क्या होंगी मेरी खुशियाँ
क्या होगा मेरा प्यार
क्या होंगी ये कवितायें
जिन्हे मैं
लिख रहा हूँ।

(बद्रीनारायण)

जून 13, 2011

अमर गान कैसे हो?

सागर किनारे पहुंचा मैं!

लहरें गा रही थी
अथाह गहराई में बैठा
गुनगुना रहा था कोई
वही अमर गीत
जिसकी मुझे तलाश थी।

चमन की राह से गुज़रा मैं!

फूलों का दिल बन कर
खुशबूओं में फैला रहा था कोई
वही अमर गीत
जिसकी मुझे तलाश थी।

आकाश को तकने लगा मैं !

तारों की महफ़िल में
चांदनी को सुना रहा था कोई
वही अमर गीत
जिसकी मुझे तलाश थी।

वही अमर गीत!
रुमी-तुलसी की ज़बान में है
कबीर-नानक के बयान में है
सूर–मीरा के भक्तिभाव में डूबा
राधा-किशन के बखान में है।
मासूमियत का अहसास बन कर
बच्चे की कोमल मुस्कान में है
प्रीत की कसोटी बनकर
लैला-मजनू की दास्तान में है
इश्क की बुलंदिया छूता हुआ
खुसरो ओ रसखान में है
ग़ालिब–निराला की भाषा बन कर
कविता की आन-बान में है
मंजिलों का पता देता
पक्षियों की उड़ान में है।

खय्याम से मस्ती में गवा रहा है कोई!
प्यारे, तू किराए के मकान में है।

जिस्म में रूह फूंकने वाले ने
मेरे शब्दों को शान नहीं बख्शी
कवि का दिल दे तो दिया
कलम को जान नहीं बख्शी

वह अमर गीत कैसे गाता मैं?

(रफत आलम)

मई 8, 2011

एक रचना: निर्णायक प्रसंग

तर्पण करना ही होगा
किसी गया में
अपने भीतर
जली चिता का अस्थिकलश
शायद तब यह प्रेत योनि छूटे
विष पीकर पचाने का
यह दंभ छोड़ना होगा
मैं शंकर भगवान नहीं हूँ
विश्वनाथ कहलाने का
हर भरम तोड़ना होगा
ज़िंदगी के लिये…
क्योंकि ज़िंदगी
सिर्फ यादों की
कोठरी नहीं है।

{कृष्ण बिहारी}

एक रचना: पहला प्रसंग
एक रचना : दूसरा प्रसंग

एक रचना : तीसरा प्रसंग

मई 2, 2011

ख्वाब इंकलाब का

फिर आ रही है इंकलाब की सदाएं फिर दौर ले रहा है अंगड़ाई
दूर हैं अभी इन्साफ-तलबों की आहटें के कांपने लगे हैं आततायी
काल धन खुद उगलेंगे बरसों से जनता का हक डकारते अजगर
काला बाजारियों के गोदाम जब लुटेंगे खुद मिट जायगी मंहगाई

इस ख्वाब की ताबीर के लिए आँखों की बेदारी दरकार है अभी
लाखों झूठ के फंदे कटने है जनता वहम में गिरिफ्तार है अभी
झूठ के साथी ले आये है कोई सी.डी किसी के महल का ब्यौरा
बेईमानी उजागर करने वाले दामनों पर धब्बों की मार है अभी

बात ये नहीं यारों कौन चोर कौन साहूकर है बात नीयत की है
हम सबके विवेक का इम्तेहान होना है आज फैसले की घडी है
उठ कर कहो हमें हर हाल देश की अकूत लूट का हिसाब चाहिए
बताओ, बताओ रहनुमाओ बताओ काली दौलत कहाँ पर गड़ी है

कुछ ही सीखचों के पीछे जाए और बात खत्म ये न होने देना
पाई पाई का जब तक ना मिले हिसाब न सोना न सोने देना
भ्रष्टाचार को मिटा कर ही दम लेना है कसम मुल्क की तुम्हे
ईमान के इन्साफ का अवसर हाथ आया है इसे न खोने देना

(रफत आलम)

अप्रैल 28, 2011

एक रचना : दूसरा प्रसंग

हर बार फैसला करता हूँ
फिर भी डरता हूँ
इस खतरे के भय से
कि कोठरी का द्वार खुलते ही
सब कुछ खो जायेगा
खुशबू हो जायेगा
जो मेरी पूँजी है…
शायद गलत कह गया
एक धरोहर है
जो तुम बिना बताये सौंप गये हो।
जिसकी सुरक्षा में
जागरण और स्वप्न बीते हों
उसे कैसे खो जाने दूँ
खुशबू हो जाने दूँ
यह मेरी निजता है
कोई सार्वजनिक सम्पत्ति नहीं
जिस पर सबका अधिकार
अवश्यम्भावी हो।

{कृष्ण बिहारी}

एक रचना: पहला प्रसंग

एक रचना : तीसरा प्रसंग

एक रचना: निर्णायक प्रसंग

अप्रैल 27, 2011

पत्थर नहीं हीरा बन

जिंदगी की ठोकरों से
घबरा कर
पत्थर न बन यार!

तेरे भीतर छिपा है हीरा
तलाश उसे
तराश उसे।

माना बहुत लंबा है
सडक पर लुढ़कते फिरने से
मुकुट की शोभा बनने तक का सफर।

बुद्धि और बदन को कठोर कर
हाथ की लकीरों को रोने वाले
उठा हाथ में
कलम हो के कुदाल
पसीने की नदी में बहकर ही
सफलता के सागर की मिलती है थाह।

याद रखना
बिना तपे
सोना निखरता कब है
भीतरी आग अगर नहीं होती
सूरज रात बना रहता।

कटने-छटने-सँवरने की पीड़ा में ही
छिपा है
पत्थर से हीरा बनने का राज़
जिसकी  कुंजी
तेरी पहुँच से दूर नहीं!

(रफत आलम)

अप्रैल 26, 2011

न परदा न जीरो फीगर है तेरी हस्ती

पुरातन उसूल परदे में बिठा देते हैं तुझे
बंद कमरों की कैद में छुपा देते हैं तुझे
अति इन हालात की जान पर आफत है
नवीन संस्कार “लिव इन” बना देते हैं तुझे
………..

शोहदों की फब्तियों से किरच किरच बिखर जाती है सहमी हुई लड़की
गूंगी बहरी और अंधी बन के राह से गुज़र जाती है सहमी हुई लड़की
सर झुका के चलने की नसीहतों ने बहुत ज़ुल्म ढाया है इस अबला पर
कई बार तो चलते में अपने ही साये से डर जाती है सहमी हुई लड़की
………….

मीठे गोश्त के शिकारी घात लगा रहे हैं
कहीं दहेज के लालची आँखे दिखा रहे हैं
बहुत भारी है जवान होती बेटी का बोझ
मुफलिस बाप के कांधे झुकते जा रहे हैं
…………

आज के दौर से नज़रें मिला के चल
नीची निगाह वाली सर उठा के चल
तुझ से है ज़माना तू ज़माने से नहीं
जननी, जननों से कदम मिला के चल
…………

बड़ा है तेरा मुकाम नारी तू मादर ए दुनिया है
चूड़ियों की कैद ने तुझको अबला बना दिया है
“ज़ीरो फीगर” से सबक न ले खुद को पहचान
हव्वा तू, दुर्गा तू, सीता तू, मरियम तू, तू जुलेखा है।

(रफत आलम)

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 44 other followers