Posts tagged ‘Andhera’

सितम्बर 26, 2011

शोषितों कल का उजाला तुम्हारा

ज़ुल्म की काली घटाओं के पीछे
बंधक है
न्याय-समता-समानता का सूरज।

अश्रु पीने को मजबूर हैं
प्यासे किसान,
मेहनतकश मजदूर हैं भूखे।

रौशनी जागीर बनी
खेतों की लाशों पर उग आये
महलों की।

भूख से मौत,
क़र्ज़दार किसानो की खुद्कुशी
विरासत है फैले दामनों की।

मुफलिसी के पावों में
ज़ुल्मत की ज़ंजीर हैं
अंधेरा गरीब की तकदीर है।

ऐसे क्रंदनमय माहौल में
घोर तम के पीछे से
यहाँ वहाँ कुछ रोशन किरणे,
झिलमिला उठी हैं
झोपडों के टूटे छप्परों पर।

इन्ही नन्हे प्रकाश पुंजों में
कोई सूरज बनकर जागेगा
पस्त-त्रस्त-शोषित लोगों
कल उजाला तुम्हारा होगा।

(रफत आलम)

सितम्बर 19, 2011

तुम बताओ साँस थम न जायेगी

काली रात के काले अंधेरे में
तुम्हारे रुप का उजला उजाला
जब भी मेरे सामने होगा कभी
तुम बताओ नींद कैसे आयेगी!

मृगनयनी तुम्हारी आँख का दर्पण
कोटरों में कैद करके यदि तुम्हे
केवल तुम्हारी प्यास दिखलाये
तुम बताओ प्यास बढ़ न जायेगी!

सोई धूप के नीले समंदर में
धुली कविता-सा तुम्हारा विम्ब तैरे
और लहरों पर मचल जाये अगर
तुम बताओ लहर क्यों न गायेगी?

मेरे हृदय के हर खुले आकाश पर
सोना तुम्हारे रंग का सौदामिनी
पिघलकर शर्म से कभी पागल बने
तुम बताओ साँस थम न जायेगी!

{कृष्ण बिहारी}

सितम्बर 7, 2011

हिंदू, मुस्लिम सिख, ईसाई – आदमी कहाँ है भाई?

हिंदू . मुस्लिम, सिख, क्रिस्तान खूब थे
बस आदमी ही नहीं मिला इंसानों में

रौशनी देने के लिए शर्त है अँधेरे की
खूने-दिल जलाया जाए उजालदानों में

नेकियां हो जाती हैं गुनाह में शामिल
दिखावे का पुट हो अगर अहसानों में

वक्त की ठोकर की नाप ऐसी है यार
अच्छे अच्छे दिमाग आ गए पैमानों में

अपने अपने ज़र्फ की बात है ए दोस्त
कौन छलक गया कौन रहा पैमानों में

साहिल ने देखा उन बेडों को होते पार
लंगर जिन्होंने डाल दिए थे तूफानों में

निगाहें करम ओ मालिक निगाहें करम
ये जहान भी तो है तेरे ही जहानों में

जो सलूक किया तूने अच्छा ही किया
क्या कहें दुनिया के हम हैं मेहमानों में

फूलों को मुरझाना हुआ देख आये थे
दिल लगने लगा है अपना वीरानों में

पंख पिंजरे में हैं पर हौसला तो देखो
असीर का दिल है  अब भी उड़ानों में

सकून दिल कहाँ से लाओगे ए आलम
सकूने दिल मिलता नहीं है दुकानों में

असीर -कैदी

(रफत आलम)

 

अगस्त 9, 2011

बेटी है गर्भ में, गिरायें क्या?

अँधेरे का जश्न मनाएँ क्या
उजालों में मिल जाएँ क्या

अनगिनत पेड़ कट रहे हैं
कहीं एक पौधा लगाएं क्या

आज बेचना है ज़मीर हमें
तो खादी खरीद लाएं क्या

बामुश्किल है पीने को पानी
धोएँ तो बताओ नहाएं क्या

बहु के गर्भ में बेटी है आई
पेट पर छुरी चलवायें क्या

बेबस हैं बिकती मजबूरियाँ
भूखे बदन ज़हर खाएं क्या

अंधा है क़ानून परख लिया
कोई तिजोरी लूट लाएं क्या

रोने को रो लिए बहुत हम
पल दो पल मुस्कराएं क्या

यारों ने दिल की लगी दी है
यारों से दिल लगाएं क्या

सायों का क़द नापेगा कौन
हम भी घट-बढ़ जाएँ क्या

चुप की बात समझ आलम
और हम हाल सुनाएँ क्या

(रफत आलम)

जुलाई 28, 2011

खुदारा पूछना मत कहाँ थे

सपनों के सजीले शहजादों जैसे कहाँ थे
आपने जो समझा था हम वैसे कहाँ थे

खो गए थे अँधेरे में कहीं शाम के बाद
क्या बताएं रात गये तक कैसे कहाँ थे

रेशमी छोड़ सूती साडी भी ना ला सके
अरमान तो था यार मगर पैसे कहाँ थे

वो कागजी डिग्रियां तो किताबें ले आईं
नौकरी की खरीद के लिए पैसे कहाँ थे

फूल, तितली, बादल, बरखा, धनक, बहार
हसीन थे सब मगर आप जैसे कहाँ थे

गम के सौ समंदरों का निचोड़ हैं आँसू
ये पानी के चंद कतरे ऎसे–वैसे कहाँ थे

शाम हुए घर लौटा है राह भूला आलम
खुदारा कोई ये ना पूछना कैसे कहाँ थे

(रफत आलम)

जुलाई 9, 2011

तुम्हारे बिना – अंधेरा जीवन

शाम ढ़ले बाद
कई बार
होश के सभी रास्ते
चल पड़ते हैं
खुद्फ़रामोशी के अँधेरे की तरफ़।

जिस्म का जलता हुआ जुनून
भटका देता है
चाहत की रुपहली मरीचिका में
प्यास कुछ देर को मर जाती है
मगर
मेरी खोई हुई दोस्त!
जिस्म के सियाह तकाजे भी
शायद तुम्हे भुला नहीं पाते
हवस की राह में गुमनाम हमसफर
अक्सर पूछ बैठते हैं
ये अभी…
आपने किसका नाम लिया था?

(रफत आलम)

अप्रैल 20, 2011

शाम के बाद

सब लोग तो घर जायेगें शाम के बाद
हम जाने किधर जाएगें शाम के बाद

दर्द के प्याले भर जाएगें शाम के बाद
हम नशे में उतर जायेगे शाम के बाद

जिदगी की जंग हारे हुए ये कुछ लोग
फुटपाथ पर पसर जाएगें शाम के बाद

दिन में ओढ़े सब मुखौटे उतार के हम
अपने अंदर उतर जायेगें शाम के बाद

तपते हुए अपने तन्हा बिस्तर पर हम
जल जल के मर जाएगें शाम के बाद

कुछ प्याले बन के होठों से जा लगेंगे
बाकी शीशे बिखर जायेगें शाम के बाद

अँधेरे से डर के राहें कब रुकेंगी आलम
मुसाफिर तो ठहर जायेगें शाम के बाद

(रफत आलम)

अप्रैल 9, 2011

वक्त की धुंध

महफिलों के चिराग कभी हम भी थे
खुशबुओं के बाग़ कभी हम भी थे
वक्त की बात राह की धूल भी नहीं
मंजिलों के सुराग कभी हम भी थे

चिराग थे महफ़िलें थीं दोस्त हज़ार थे
खवाब थे बेखुदी थी जाम थे खुमार थे
अपने ही घर में अजनबी हैं हम के जो
कभी शहर में रौनक के अलमबरदार थे

(अलमबरदार=ध्वज वाहक)

सूरज साथ चला करता था अपने साथ
चाँद लिपट के नींद लेता था अपने साथ
अब अँधेरे भी हमसे बच कर चलते हैं
कभी उजाला ही उजाला था अपने साथ

वक्त की धुंध में खो गयी सब पहचानें
तस्वीरों की कैद में कुछ यादें मौन हैं
मुखौटों का सफर खत्म को है शायद
हमें भी पता नहीं अब के हम कौन हैं

(रफत आलम)

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 44 other followers