Archive for ‘व्यक्ति’

अगस्त 5, 2011

नरेश कुमार “शाद” : परिचय उस महान शायर से

हर शब्द का अर्थ ज़रूर होता है, फिर शब्द अगर शब्दों के जादूगरों की कलम की पैदाइश हों तो  तो क्या कहिये! यूँ सभी श्रद्धेय हैं पर मुझे आधुनिक युग के ये हजरात – जैसे साहिर साहिब, नूर साहिब, जॉन एलिया साहिब, फैज़ साब और शाद साहिब बहुत भाते हैं। नरेश शाद साहिब पर बहुत कम लिखा गया है सो एक छोटी सी कोशिश पेश है।

उर्दू के सुप्रसिद्ध शायर नरेश कुमार “शाद” का जन्म वर्ष 1928 में पंजाब राज्य के जिला जालंधर के निकट ग्राम नकोदर में साधारण से परिवार में हुआ था। इनके पिता नोहरा राम की माली हालत बहुत खराब थी, रोज़गार के रूप में वे एक लोकल साप्तहिक में काम करते थे जहां से नाम-मात्र पगार मिलती थी। शाद साब के पिता ‘दर्द’ के उपनाम से शायरी भी करते थे तथा उनके सुरापान करने की आदत के कारण से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद शोचनीय थी। शाद साब की माँ सीधी-सादी देहाती महिला थी, जो किसी तरह घर चला रही थी। इस तरह शाद के पास शायरी विरासत में आई और दो वक्त रोटी का जुगाड ना होने जेसा माहौल घर में मिला। बाद के जीवन की नाकामियों, विषमताओं और नाउम्मीदी ने उन्हें भी शराबी बना दिया, जो कालान्तर में उनकी जवान उम्र में ही मौत का कारण भी बना। अजीब बात है नरेश केवल नाम के नरेश थे साथ ही शाद (प्रसन्न) उपनाम भी रख लिया था, कौन जाने शाद ने ऐसा गरीबी से उपजी कुंठा और उसका मजाक उड़ाने के लिए किया हो, अन्यथा तो दरिद्रता, नाकामी और उदासी का शाद साब से चोली दामन का साथ रहा। वे अपने परिवेश से इस कद्र तंग आ गये के निकल पड़े घर से एक आवारा सफर पर। पेट की भूख और तबियत की बैचेनी लाहौर, रावलपिंडी, पटियाला, दिल्ली, कानपुर, मुम्बई, और लखनऊ, कहाँ नही ले गयी उन्हें।

ऐसी ही कैफियत में शायद गज़ल के ये शेर निकले है :-

 

हाय! मेरी मासूम उम्मीदें, वाय! मेरे नाकाम इरादे
मरने की तदबीर न सूझी जीने के अंदाज़ न आये
शाद वही आवारा शायर जिसने तुझे प्यार किया था
नगर-नगर में घूम रहा है अरमानों  की लाश उठाये।

 

शाद साब, चाहे शायरी हो कि निजी जीवन में वे जो कुछ भी बने अपने बलबूते और कड़ी मेहनती के के कारण बने थे। अन्यथा तो हाल यह था कि पैसे नहीं होने के कारण उन्हें अपना कलाम तक भी बेचना पडा। एक साहब ने मात्र साठ रूपये में उनकी 60 गज़लों का सौदा अपने नाम से छापने के किया और बेहयाई ये के वे पैसे भी नकद नहीं मिले। ऐसे हालात का दर्द उनके इस कलाम में साफ़ नज़र आरहा है:-

आप गुमनाम आदमी हैं अभी
इस लिए आपका ये मजमूआ
अजसर-ए-नो दुरस्त करवाकर
अपने ही नाम से मैं छापूंगा
रह गया अब मुआवज़े का सवाल
नकद लेना कोई ज़रूर नहीं
शाम के वक्त आप आ जाएँ
मयकदा इस जगह से दूर नहीं

(मजमूआ : कवितासंकलन, अजसर-ए-नो : नए सिरे से, दुरस्त : ठीक)

 

उर्दू के प्रसिद्ध व्यंगकार फिक्र तौस्वी ने शाद साब के उस उलट-पलट जीवन का बेहतरीन खाका खींचा है। उनके शब्दों में…

 

“यह हकीकत है कि शाद ने अपनी मौजूदा जिंदगी की टूटी फूटी इमारत भी सिर्फ अपने ही बलबूते पर खड़ी की है। प्रतिभा की चिंगारी उसके नसीब में थी, उसने उसे बुझने नहीं दिया… उसके इस संघर्ष की कहानी न सिर्फ लंबी है, बल्कि तेज रफ़्तार भी। यूँ लगता है, जैसे उसने पैदल ही 100-100 मील का फासला एक–एक घंटे में तय कर लिया है। इस सफर में यद्यपि उसके चेहरे पर गर्द अट गयी, उसकी हड्डियां चटक गयी… उसके पाँव टूट गए…’’

 

जिंदगी के छोटे आवारा और परेशान सफर में नरेश शाद साब ने उर्दू कविता की तमाम बारीकियां बहुत परिपक्वता व गहराई के साथ अपने कलाम में पेश की हैं। गज़ल, नज़्म, कते और रुबाई सभी बेहतरीन अंदाज़ में पेश की हैं, परन्तु कते और गज़ल से आपको अधिक लगाव था।

शाद साब के कालाम के बारे में समकालीन बड़े शायर जोश मलीहाबादी, जिन्हें क्रान्तिकारी विचारों के कारण शायर-ए-इंकेलाब भी कहा जाता है, ने लिखा है:-

 

‘’नरेश कुमार शाद  आजकल के नौजवान शायरों से एक दम भिन्न हैं, वे दिल के तकाजों से मजबूर होकर शेर लिखते हैं, सोच समझ के शेर कहते हैं… इसी कारण उनके शेरों में प्रभाव और प्रभाव में वह विशेषता होती है जो शब्दों के बंधन में नहीं आ सकती’’।

शाद साब को निर्मोही काल चक्र ने सन 1928 से 1969 अर्थात मात्र 41 बहारों का समय ही दिया और वे बहारें भी काँटों द्वारा अहसास अजमाइश के सिवा कुछ नहीं थ॥ बहुत उदासी, दर्द और शराब के ज़हर में डूब कर इस लोकप्रिय और हर दिल अज़ीज़ शायर ने दुनिया से मुँह मोड़ लिया। पर उनका लेखन कद्रदानों को तो कयामत तक मोहता रहेगा।

प्रस्तुति : रफत आलम

 

…जारी

जून 9, 2011

मकबूल फिदा हुसैन : पंढ़रपुर के लड़के की धरती से अंतिम उड़ान


कतर की नागरिकता लेकर पासपोर्ट के आधार पर विदेशी बन चुके भारतीय चित्रकार मकबूल फिदा हुसैन ने धरा से अंतिम विदाई ले ली। अपनी उम्र के लोगों में सबसे सक्रिय कलाकार अब देह में नहीं है। अब उनकी कला और उनके कृत्य ही पीछे रह गये हैं। अपने जीवनकाल में भी वे भरपूर सामग्री छोड़ते रहे जिससे लोग उनकी चर्चा करते रहें और आगे भी ऐसा ही होगा। उन्हे पसंद कीजिये, नापसंदगी की बौछारें उनके ऊपर कीजिये उन्हे नज़र अंदाज़ कर पाना मुमकिन नहीं था।

अब उनसे गिले-शिकवे रखने का कोई औचित्य नहीं रहा। भारत में जन्मे इस चित्रकार ने दुनिया भर में अपनी कला के बलबूते नाम कमाया। वे एक ज़हीन चित्रकार थे यह तो एक स्थापित सी बात है। वे फिल्मकार भी थे और साठ के दशक से शुरुआत करके (जब उन्होने एक डॉक्यूमेंटरी बनायी थी) उन्होने गजगामिनी और मीनाक्षी- ए टेल ऑफ थ्री सिटीज़, दो फिल्में बनायीं और तीसरी फिल्म वे लगभग पूरी कर चुके थे।

उन्होने पंढ़रपुर का लड़का नामक आत्मकथा भी लिखी।

उनके पास कविता रचने की कला भी थी। बानगी देख लें।

मुझे बर्फ से लिपटा आकाश भेजना
जिस पर कोई धब्बा न हो
मैं सफेद शब्दों से उस पर उभारों से भरे चित्र बनाऊँगा
तुम्हारी असीम पीड़ा के
जिस समय मैं चित्र बनाऊँ
तुम आकाश को
हाथों में थामे रखना
क्योंकि अपने कैनवास का तनाव
मेरे लिये अपरिचित है।

उनकी कविता में ही उनकी चित्रकारी शब्द नहीं उकेरती है बल्कि उनकी दोनों फिल्में भी पुकार पुकार कर बताती हैं कि इन्हे बनाने वाले निर्देशक के पास एक बहुत बड़े चित्रकार की दृष्टि है।

शांति का बहुत गहरा नाता उनके साथ रहा नहीं पर रचतात्मकता का भंडार उनके पास अवश्य रहा है अतः यही प्राथना की जा सकती है -

ईश्वर उनकी आत्मा की रचनात्मकता को बनाये रखे!

अगर वे भारत में ही दफनाये होने की इच्छा रखते थे तो आशा है तमाम विवादों को दरकिनार करके भारत उनके लिये ऐसा इंतजाम कर देगा।

यहीं की मिट्टी में वे जन्मे थे और यहीं उन्हे सुपुर्द-ए-खाक किया जाना चाहिये।

मई 27, 2011

नेहरु, ओशो और हिंदी फिल्में

आज भारत के पहले प्रधानमंत्री प. जवाहर लाल नेहरु की पुण्यतिथि है। 1948 की 30 जनवरी को गाँधी की हत्या के बाद भारत के लिये प. नेहरु का चले जाना बहुत बड़ा आघात था। गाँधी के बाद सरदार पटेल भी जल्दी ही धरा छोड़ गये और बहुत सारे अन्य स्वतंत्रता सेनानी भी पचास के दशक में जीवन का त्याग कर गये परंतु देश में नेहरु की उपस्थिति ने एक आशामायी मोर्चा संभाला हुआ था। वे निरंतर भारत को लोकतांत्रिक, आधुनिक, प्रगतिवादी, और स्वावलम्बी बनाने की ओर प्रयासरत थे और उनके द्वारा निर्मित की गयी नीवों पर बाद में विशाल इमारतें खड़ी हो गयीं और आज बहुत सारे क्षेत्रों में भारत समर्थ दिखायी देता है तो उसका बहुत सारा श्रेय प. नेहरु की दूरदृष्टि को भी जाता है।

जब एक बहुत बड़े कद का नेता सक्रिय राजनीति के कारण प्रशासन में सीधे सीधे बड़ा पद ग्रहण करता है तो स्वाभाविक रुप से उसके चारों तरफ उसके विरोधी भी उत्पन्न हो जायेंगे। प. नेहरु भी इस प्रतिक्रिया से अछूते नहीं रहे। उनके प्रधानमंत्री बनते ही उनके विरोधी गुट भी सक्रिय हो गये थे। लोकतंत्र में ऐसा होना भी चाहिये। पर जैसा विश्वास भारत की जनता को प. नेहरु पर था वैसा किसी अन्य प्रधानमंत्री पर कभी नहीं बन पाया। कश्मीर और चीन के भारत पर आक्रमण के मुद्दे को लेकर बहुत सारे लोग और संगठन नेहरु को हमेशा से ही निशाना बनाते रहे हैं और कई बार तो इन मुद्दों को लेकर कुछ अतिवादी संगठन हद पार करके असंसदीय और अलोकतांत्रिक किस्म की बातें नेहरु के बारे में फैलाते रहे हैं। लघु काल के लिये वे अपने दुष्प्रचार में सफलता पाते भी दिखायी देते रहे हैं पर भारत प. नेहरु से दूर नहीं जा सकता। प. नेहरु का न तो व्यक्तित्व ही इतना हल्का था और न ही उनका दृष्टिकोण इतना छोटा था कि उनकी प्रासंगिकता भारत से खत्म हो जाये।

आज जब चारों तरफ आदिवासी इलाके जल रहे हैं तब भी नेहरु की नीति की याद हो आती है। उनके जैसा प्रधानमंत्री भारत में 90 के दशक में होता, जबकि भारत आर्थिक, साम्प्रदायिक और जातीय आधार पर उथल-पुथल से गुजरकर लड़खड़ा रहा था, तो भारत में एकता और अखण्डता इस तरह से विखण्डित न नज़र आती जैसी कि आज के दौर में नज़र आ रही है।

ओशो बुनियादी तौर पर ही राजनीतिज्ञों के खिलाफ थे और सारी उम्र वे उनके खिलाफ बोलते ही रहे। उन्हे निशाना बनाते रहे। उनके ऊपर चुटकले बनाकर लोगों को शासकों की इस जाति के सामने मानव को आँखें मूँद कर समर्पण न कर देने के लिये चेताते रहे। अगर दुनिया में किसी एक राजेनीतिज्ञ को ओशो ने पसंद किया तो वे प. नेहरु ही थे।

अपने संस्मरणों में प. नेहरु के बारे में ओशो कहते हैं -

… जीवन में पहली बार मैं हैरान रह गया। क्‍योंकि मैं तो एक राजनीतिज्ञ से मिलने गया था। और जिसे मैं मिला वह राजनीतिज्ञ नहीं वरन कवि था। जवाहर लाल राजनीतिज्ञ नहीं थे। अफसोस है कि वह अपने सपनों को साकार नहीं कर सके। किंतु चाहे कोई खेद प्रकट करे, चाहे कोई वाह-वाह कहे, कवि सदा असफल ही रहता है यहां तक कि अपनी कविता में भी वह असफल होता है। असफल होना ही उसकी नियति है। क्‍योंकि वह तारों को पाने की इच्‍छा करता है। वह क्षुद्र चीजों से संतुष्‍ट नहीं हो सकता। वह समूचे आकाश को अपने हाथों में लेना चाहता है।…

…एक क्षण के लिए हमने एक दूसरे की आंखों में देखा। आँख से आँख मिली और हम दोनों हंस पड़े। और उनकी हंसी किसी बूढ़े आदमी की हंसी नहीं थी। वह एक बच्‍चे की हंसी थी। वे अत्यंत सुदंर थे, और मैं जो कह रहा हूं वही इसका तात्‍पर्य है। मैंने हजारों सुंदर लोगो को देखा है किंतु बिना किसी झिझक के मैं यह कह सकता हूं कि वह उनमें से सबसे अधिक सुंदर थे। केवल शरीर ही सुंदर नहीं था उनका।…

…अभी भी मैं विश्‍वास नहीं कर सकता कि एक प्रधानमंत्री उस तरह से बातचीत कर सकते है। वे सिर्फ ध्‍यान से सुन रहे थे और बीच-बीच में प्रश्न पूछ कर उस चर्चा को और आगे बढा रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे वे चर्चा को सदा के लिए जारी रखना चाहते थे। कई बार प्रधानमंत्री के सैक्रेटरी ने दरवाजा खोल कर अंदर झाँका। परंतु जवाहरलाल समझदार व्‍यक्‍ति थे। उन्‍होंने जान बूझ कर दरवाजे की ओर पीठ की हुई थी। सैक्रेटरी को केवल उनकी पीठ ही दिखाई पड़ती थी।

परंतु उस समय जवाहरलाल को किसी की भी परवाह नहीं थी। उस समय तो वे केवल विपस्‍सना ध्‍यान के बारे में जानना चाहते थे।…

…जवाहरलाल तो इतने हंसे कि उनकी आंखों में आंसू आ गए। सच्‍चे कवि का यही गुण है। साधारण कवि ऐसा नहीं होता। साधारण कवियों को तो आसानी से खरीदा जा सकता है। शायद पश्‍चिम में इनकी कीमत अधिक हो अन्‍यथा एक डालर में एक दर्जन मिल जाते है। जवाहरलाल इस प्रकार के कवि नहीं थे—एक डालर में एक दर्जन, वे तो सच में उन दुर्लभ आत्माओं में से एक थे जिनको बुद्ध ने बोधिसत्‍व कहा है। मैं उन्‍हें बोधिसत्‍व कहूंगा।…

…मुझे आश्‍चर्य था और आज भी है कि वे प्रधानमंत्री कैसे बन गए। भारत का यह प्रथम प्रधानमंत्री बाद के प्रधानमंत्रियों से बिलकुल ही अलग था। वे लोगों की भीड़ द्वारा निर्वाचित नहीं किए गए थे, वे निर्वाचित उम्मीदवार नहीं थे—उन्‍हें महात्‍मा गांधी ने चुना था। वे महात्‍मा गांधी की पंसद थे।

और इस प्रकार एक कवि प्रधानमंत्री बन गया। नहीं तो एक कवि का प्रधानमंत्री बनना असंभव है। परंतु एक प्रधानमंत्री का कवि बनना भी संभव है जब वह पागल हो जाए। किंतु यह वही बात नहीं है।

तो मैं ने सोचा था कि जवाहरलाल तो केवल राजनीति के बारे में ही बात करेंगे, किंतु वे तो चर्चा कर रहे थे काव्‍य की और काव्यात्मक अनुभूति की।…

पचास और साठ के दशक तक हिंदी सिनेमा भी नेहरु के विशाल व्यक्तित्व के प्रभाव से अछूता नहीं रहा और हिंदी फिल्मों के नायकों का चरित्र भारत को लेकर नेहरुवियन दृष्टिकोण से प्रभावित रहा और उसमें चारित्रिक आदर्श की मात्रा डाली जाती रही।

उन सालों में भारतीय लोगों और बच्चों में प. नेहरु के लिये कितना आकर्षण था इस बात को भी अब दिल्ली दूर नहीं (1957) और नौनिहाल (1967) फिल्म में दिखाया गया है।

नौनिहाल में तो प. नेहरु की मृत्यु के बाद उनकी शवयात्रा पर उमड़े जन-सैलाब की असली फुटेज इस्तेमाल की गयी थी। गाँधी की मृत्यु के बाद नेहरु की मौत पर ही इतना व्यापक जन समूह जुटा था और शोक की ऐसी विश्वव्यापी लहर उठी थी।

आज भारत में बहुत कुछ जो विकसित हुआ है और बहुत कुछ जो अच्छा दिखायी देता है, उसमें बहुत बड़ा योगदान प्रथम प्रधानमंत्री नेहरु के प्रगतिवादी दृष्टिकोण का भी है। प्रशासन चला रहा व्यक्ति कुछ ऐसे निर्णय भी लेगा जो शायद उतने लाभकारी न सिद्ध हो पायें जितने कि लोगों ने सोच रखे थे और फिर नेहरु जैसे बड़े नेताओं से लोगों की अपेक्षायें भी साधारण नहीं रहतीं।

किसी भी कोण से और किसी भी कसौटी पर रखकर, मगर ईमानदारी और निष्पक्षता से, परखा जाये, प. नेहरु भारत के सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री रहे हैं। वे भारत के इतिहास के एक बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति बन चुके हैं।

उनके द्वारा किये गये कार्यों से लोकतांत्रिक भारत को जो लाभ पहुँचे हैं उनके लिये नमन है ऐसी विभूति को।

मई 7, 2011

गुरुदेव रबिन्द्रनाथ टैगोर: निष्फल कोई पूजा न होगी

आज भारत के गौरव गुरुदेव रबिन्द्रनाथ टैगोर, जो मानवतावादी, प्रकृतिविद, कवि, चित्रकार, संगीतकार, लेखक, शिक्षाविद, और भारतीय संस्कृति एवम कला के ध्वजवाहक रहे हैं, की 150 वीं जयंती का शुभ अवसर है।

वे देशों की सीमाओं को पार कर गये हैं और पिछले सौ सालों से भी ज्यादा समय से दुनिया उनकी योग्यता से लाभान्वित होती आ रही है।

गुरुदेव ने कालजयी काव्य की रचना की है। एक से बढ़कर एक उनकी कवितायें हैं और बहुत सारी कविताओं को पढ़कर ऐसा लगता है कि इससे बेहतर और क्या हो सकता है पर उनकी अपनी ही रचना आकर इस धारणा को तोड़ देती है और पाठक/मानव मुग्ध होकर रबिन्द्र साहित्य में आगे की ओर बढ़ जाता है।

उनकी एक कविता है जिसके बारे में बिना किसी संकोच के साथ कहा जा सकता है कि दुनिया का कोई भी कवि इस भाव से ऊपर नहीं जा सकता जो गुरुदेव टैगोर ने अपनी कविता में रच दिया है। इससे बेहतर कवितायें रची जा सकती हैं, रची गयी हैं और खुद गुरुदेव ने ही रची हैं, इससे ज्यादा लय वाली कवितायें भी रची गयी हैं, पर इस कविता के भाव का मुकाबला कहीं नहीं मिलता। यह अनंत काल तक शाश्वत रहने वाली कविता है। कालजयी आशा के सहारे की इससे बेहतर अभिव्यक्त्ति ईश्वर कर सके तो कर दे वरना मानव के लिये तो यह संभव नहीं दिखायी देता।

जो पूजायें अधूरी रहीं
वे व्यर्थ न गयीं
जो फूल खिलने से पहले मुर्झा गये
और नदियां रेगिस्तानों में खो गयीं
वे भी नष्ट नहीं हुयीं
जो कुछ रह गया पीछे जीवन में
जानता हूँ
निष्फल न होगा
जो मैं गा न सका
बजा न सका
हे प्रकृत्ति!
वह तुम्हारे साज पर बजता रहेगा।

उपरोक्त्त कविता को रचते समय मानो प्रकृत्ति स्वयं अपना सच टैगोर के माध्यम से धरती पर बिखेर रही थी। इस कविता की रचना करने वाला कवि असाधारण प्रतिभा का मालिक ही हो सकता है। इसे रचने वाला केवल कवि न होकर अध्यात्म के रास्ते पर चलने वाला ऋषि ही हो सकता है।

भारत को जो राष्ट्रगान गुरुदेव टैगोर ने दिया है वह चाहे कहीं भी बज जाये, चाहे वह स्कूल और शिक्षण संस्थाओं के प्रांगण हों या भारतीयों का अन्यत्र होने वाला जमावड़ा, यह हमेशा ही भारतीयों के रोम रोम को भारतीयता के भाव से भर देता है।

भारत की स्वर कोकिलायें लता मंगेशकर और आशा भोसले ने इसे गाया है

और हाल के सालों में ए.आर. रहमान के संगीत निर्देशन में भारतीय संगीत की जानी मानी विभूतियों ने इसकी संगीतमयी प्रस्तुती में अपना योगदान दिया है।

भारत का बच्चा बच्चा तो इसे गाता ही है।

गुरुदेव टैगोर का सृजन करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित करता आ रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। उन्होने अपनी सृजनात्मक क्षमता से भारत में कला की विरासत को समृद्ध करने में और अपनी वैश्विक दृष्टि के बलबूते देश की उदार परम्परा को सहेजे रखने में  उल्लेखनीय योगदान दिया है।

भारत भूमि धन्य रही है गुरुदेव टैगोर के यहाँ जन्म लेने से।

ऐसी विलक्षण मेधा को शत शत नमन।

…[राकेश]

फ़रवरी 13, 2011

फैज़ : मिल जायेगी तारों की आखिरी मंजिल

अविभाजित भारत में सन 1911 के फरवरी माह की 13 तारीख को जन्मे फैज़ अहमद फैज़ की नायाब शायरी का ही जादू है कि उनके भौतिक अस्तित्व से हजारों-लाखों गुना बड़ा कद शायर फैज़ का हो गया है और अच्छा शायर जन्मता तो है पर उसकी रुखसती कभी नहीं होती धरा से। वह जिंदा रहता है लोगों के दिलों में। अच्छा कवि वह लीविंग ओर्गेनिज़्म है जो जब भी स्थितियाँ अनूकूल होती हैं तब वह अपने काव्य की बदौलत जन्म ले लेता है।

फैज़ अहमद फैज़ जैसे शायर जिन्होने मानव जीवन के हर रंग का और हर ढ़ंग का विश्लेषण अपनी शायरी के द्वारा किया हो वे तो हर दिन के हर पल कहीं न कहीं जन्मते ही रहते हैं। मानव जीवन के हर भाव के साथ उनका जुड़ाव रहता है चाहे वह मोहब्बत का क्षेत्र हो या जंग का। बात चाहे मानव के शोषण की हो रही हो या जीवन में मनुष्य की स्वतंत्रता के उत्सव की, फैज़ वहीं मिल जायेंगे अपनी शायरी की बेपनाह खूबसूरती के साथ।

उन्होने केवल किताबी शायरी ही नहीं की वरन मनुष्य की स्वतंत्रता के लिये वास्तविक जीवन में भी तानाशाही सत्ता द्वारा दी गई प्रताड़ना झेल कर भी संघर्ष किये।

मनुष्य ऊपर उठना चाहता है। आदर्श की ओर बढ़ना चाहता है। पर शक्तियाँ हैं जो मनुष्य जीवन को नीचे खींचती हैं और उसका पतन करती हैं। विकासोन्मुखी राहों पर चलते चलते ऐसे पड़ाव आते हैं जब बुराइयों के समावेश के कारण तरह तरह के प्रदुषण तौर तरीकों में आ जाते हैं और निराशा जन्म लेने लगती है। जिन्होने अपने जीवन होम कर दिये मानव जीवन के उत्थान के लिये उन्होने क्या इसलिये किया कि सब फिर से भ्रष्ट माहौल की ओर गिरते चले जायें।

ऐसे माहौल में हमेशा ही उनकी बेहद प्रसिद्ध रचना- सुबह-ए-आज़ादी, की याद बरबस ही ताज़ा हो जाती है और वह रचना पड़ाव पर ठहरे मुसाफिरों को जगाती है कि इस किस्म के औसत को पाने के लिये हमने यात्रा आरम्भ नहीं की थी। यह रचना यात्रियों में बीते हुये का विश्लेषण करके बुराइयों को हटाकर आशा के साथ आगे बढ़ने के लिये प्रेरणा का कार्य करती है। आदर्श को अभी भी एक मंजिल बनाये रखती है।

ये दाग दाग उजाला ये शब गजीदा सहर
वो इंतजार था जिसका ये वो सहर तो नहीं
ये वो सहर तो नहीं जिसकी आरजू लेकर
चले थे यार के मिल जायेगी कहीं न कहीं
फलक के दश्त में तारों की आखिरी मंजिल
कहीं तो होगा शब-ए-सुस्त मौज का साहिल
कहीं तो जाके रुकेगा सफीना-ए-गम-ए-दिल

भारत और पाकिस्तान के नामचीन फिल्मकारों, संगीतकारों एवम गायकों ने फैज़ की शायरी के साथ अपनी कला का संगम बार बार किया है।

फैज़ जीवित नहीं हैं आज, पर वे उपस्थित हमेशा रहते हैं। उन्हे याद करने की देर है और वे अपने शब्दों का जादू बिखेरने आ जाते हैं।

फैज़ की शायरी की हद नहीं है। बानगी देखनी हो उनकी रचना ’कुत्ते’ में देखी जा सकती है।

बीसवीं सदी का भारतीय उपमहाद्वीप धन्य हो गया फैज़ अहमद फैज़ को अपने यहाँ जन्मा पाकर।

सन 1911 के बाद भारतीय उपमहाद्वीप में जन्मे हरेक मनुष्य के पूर्वज शायर फैज़ अहमद फैज़ के जन्म शताब्दी दिवस पर उन्हे श्रद्धा सुमन!

जनवरी 24, 2011

प. भीमसेन जोशी : श्रद्धांजलि

पृथ्वीवासी अब हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक संगीत सम्राट प. भीमसेन जोशी की सजीव संगीत प्रस्तुतियों का आनंद न ले पायेंगे। संगीत के धुनी भक्त्त पंडित जी ने अपने जीवनकाल में इतना और इतना गहरा संगीत रचा है कि भारत देश धन्य रहा है उनके अस्तित्व की मौजूदगी से। भाग्यशाली है यह देश जहाँ ऐसे संगीत उपासक जन्म लेते हैं। भारत ने उनके प्रति कृतज्ञता दिखाते हुये उन्हे भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित करके उनकी संगीत साधना के प्रति आभार प्रकट किया।

दशकों तक पंडित जी की सधी हुयी गायिकी ने श्रोताओं के अंतर्मन को गहरे स्तर पर छुआ है। उनकी आवाज के आरोह-अवरोह की स्वर-लहरियों के साथ तैरते-डूबते-उड़ते श्रोता बाकी सब बातें भूलते रहे हैं। उन्हे सुनते हुये पहले श्रोता संगीत में खोता है, फिर उसके होने का अहसास खत्म हो जाता है और सिर्फ संगीत रह जाता है और कब सब कुछ खत्म होकर सिर्फ आनंद रह जाता है इस प्रगति का पता तब ही चलता है जब पंडित जी का गायन समाप्त होकर श्रोताओं को वापस होश में ले आता है।

आभार तकनीक का भी है जिसके कारण भौतिक रुप से हमारे बीच न होते हुये भी प. भीमसेन जोशी जी की गायिकी हमारे बीच उपस्थित रहेगी और संगीत रसिकों की संगीत संवेदनाओं को दिलासा देती रहेगी। जो उन्होने गा दिया है वह सैंकड़ो सालों तक पृथ्वी के भाल पर सुनायी देता रहेगा और पृथ्वी को संगीतमयी बनाये रखेगा।

अस्सी के दशक के मध्यांतर के बाद के काल में जब दूरदर्शन ने भारत की ’ अनेकता में एकता ’ की विरासत को सम्मान देने के लिये संगीत वीडियो बनाया तो उसकी शुरुआत प. भीमसेन जोशी जी के गायन से ही हुयी। जब वे ‘ मिले मेरा सुर मेरा तुम्हारा ’ गाते परदे पर आते हैं तो किसी भी सुनने वाले को इस देश की एकता और अखंडता के सूत्र मिल जाते हैं।

साभार धन्यवाद पंडित जी की इस देश में उपस्थिति को कि उन्होने इतने दशकों तक भारतवर्ष को संगीत की उच्च विरासत को न केवल संजोकर रखा बल्कि करोड़ों लोगों को संगीत के संस्कार भी दिये।

परलोक भी धन्य हो गया होगा उन्हे पाकर। अब वे वहाँ अपनी अदभुत गायिकी से संगीत लहरियाँ बिखेरेंगे।

श्रद्धा नमन पं भीमसेन जोशी जी को!

दिसम्बर 23, 2010

जॉन एलिया : कहते हैं कि उनका था अंदाजे बयां और

हैं और भी दुनिया में सुखनवर बहुत अच्छे
कहते हैं कि ग़ालिब का है अंदाजे बयां और

यह शेर कहा तो हजरत ग़ालिब ने खुद के लिये था पर जॉन साब को मंच से शायरी करते देखना और सुनना बखूबी जता देता है कि यह शेर जॉन साब पर भी उतना ही मौजूँ है जितना कि हजरत ग़ालिब के लिये था। जॉन साब द्वारा पिरोये गये अल्फाज़ गहरे मायने बिखेर देते हैं अगर उन्हे खुद जॉन साब की आवाज में ही सुना जाये और अगर उन्हे कलाम कहते देख लिया जाये तो साफ साफ पता चलता है कि वे मंच की दुनिया के बादशाह थे।

कतात

—————

मेरी अक्लो होश की सब हालते
तुमने साँचे में जुनु के ढाल दी

कर लिया था मैंने एहदे तर्के-इश्क
तुमने फिर बाहें गले में ड़ाल दी

—————————–

किसी लिबास की खुशबू जब उड़ के आती है
तेरे बदन की जुदाई बहुत सताती है

तेरे गुलाब तरसते हैं तेरी खुशबू को
तेरी सफ़ेद चमेली तुझे बुलाती है

तेरे बग़ैर मुझे चैन कैसे पड़ता हैं
मेरे बगैर तुझे नींद कैसे आती है

————

कितने ऐश उड़ाते होंगे कितने इतराते होंगे
जाने कैसे लोग होंगे जो उसको भाते होंगे

उसकी याद की बादेसबा और तो क्या होता होगा
यूँही मेरे बाल हैं बिखरे और बिखर जाते होंगे

यारो कुछ तो जिक्र करो तुम उसकी क़यामत बाहों का
वो जो सिमटते होंगे उनमे वो तो मर जाते होंगे

————————–

गज़ल
………….

हालतेहाल के सबब हालतेहाल ही गयी
शोक में कुछ नहीं गया शोक की जिंदगी गयी

एक ही हादसा तो है और वो यह की आज तक
बात नहीं कही गयी बात नहीं सुनी गयी

बाद भी तेरे जानेजा दिल में रहा जब समां
याद रही तेरी यहाँ फिर तेरी याद भी गयी

उसकी उम्मिदेनाज़ का हमसे यह मान था के आप
उम्र गुजार दीजिए उम्र गुजार दी गयी

उसके विसाल के लिए अपने कमाल के लिए
हालतेदिल थी खराब और खराब की गयी

तेरा फिराक जानेजा ऐश था क्या मेरे लिए
तेरे फ़िराक में खूब शराब पी गयी

उसकी गली से उठ के में आन पड़ा था अपने घर
एक गली की बात थी और गली गली गयी

…………………………………………………………

नज्म

………….

मुझ से पहले के दिन
अब बहुत याद आने लगे हैं तुम्हे

ख्वाब ओ ताबीर के गुमशुदा सिलसिले
बारह अब सताने लगे हैं तुम्हे

दुःख जो पुहंचे थे तुमसे किसी को कभी
देर तक अब जगाने लगे हैं तुम्हे

अब बहुत याद आने लगे हैं तुम्हे
अपने वो अहद ओ पेमा मुझे से जो न थे

क्या तुम्हे मुझसे कुछ भी कहना नहीं

 

प्रस्तुती – (रफत आलम)

टैग: , ,
दिसम्बर 21, 2010

जॉन एलिया : तन्हा शायर, बेशकीमती अश’आर

सालहा साल और एक लम्हा
कोई भी तो ना इनमे बल आया

खुद ही एक दर पर मैंने दस्तक दी
खुद ही लड़का सा मैं निकल आया

उर्दू शायरी के गुलशन में हज़ारों फूलों ने अहसास की अमिट खुशबू बिखेरी है जो पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों के दिलोदिमाग को आल्हादित करती रही है। वर्तमान लबो-लहजे में अशआर की यह खु्शबु इस कदर समायी हुई है कि शायद ही कोई दिन जाता हो जब हम बोलचाल में कोई न कोई उर्दू शेर का सहारा, अपनी बात को पुख्ता करने में नहीं लेते हों।

इसी गुलशन के एक महकते फूल का नाम जॉन एलिया है। वर्तमान दोर के इस मकबूल शायर का जन्म 14 दिसम्बर 1931 को उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रहने वाले एक सम्भ्रांत परिवार में हुआ था। जॉन साब के पिता का नाम अल्लामा शफीक हसन एलिया था, जो जाने माने विद्वान, शायर और भविष्यद्रष्टा थे। अल्लामा की सबसे छोटी औलाद जॉन एलिया साब के अतिरिक्त इनके बड़े भाई रईस अमरोही जाने माने शायर, पत्रकार और डॉक्टर थे तथा मानव मूल्यों के बड़े हिमायती थे। बाद में रईस साब की पाकिस्तान में किसी सरफिरे धार्मिक कट्टरपंथी द्वारा हत्या कर दी गयी। जॉन साब के दूसरे भाई सय्यद मोहम्मद तकी विश्व प्रसिद्ध अहमदिया चिन्तक रहे हैं। जॉन एलिया साब की पूर्व पत्नी जाहिदा हिना इंडो- पाक की सुप्रसिद्ध पत्रकार हैं तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में सामायिक एवं सामाजिक घटनाओं पर आज भी सक्रीय लेखन कर रही हैं। इनके लेख, विशेष रूप से – पाकिस्तान की डायरी, भारत में भी सुधि पाठक चाव से पढते हैं। जॉन एलिया साब की हिना जी से मुलाकात उर्दू साहित्यिक पत्रिका ’इंशा’ निकालने  के दोरान हुई थी, जो बाद में विवाह में तब्दील हो गई। इस विवाह से जॉन साब को दो पुत्रियां और एक पुत्ररत्न प्राप्त हुए, परन्तु बाद में अप्रिय परिस्थतियों के चलते दोनों के बीच 1984 में विवाह विच्छेदन हो गया। तलाक के बाद तबियत से ही सारे जहाँ से खफा जॉन एलिया अवसाद में रहने लगे। उर्दू शायरी का यह देवदास अत्याधिक सुरापान करने और खुद को बर्बाद करने के नए-नए बहाने तलाशने लगा।

जॉन साब ने पैदाइशी रूप में संवेदनशील होने के अतिरिक्त, घर में सुसंस्कृत और सभ्य माहोल होने के कारण आठ साल की उम्र में ही पहला शेर कह लिया था। किशोर अवस्था आते आते जैसा कि अक्सर होता बाली उम्र में होता है वे एक ख्याली प्रेमिका सोफिया के सपने देखने लगे और उसी में जीने लगे। इसी दौर में देश के शासक अंग्रेजों से उनकी नफरत भी उभरने लगी और साम्यवादी विचारधारा उन्हें खासी प्रभावित करने लगी थी। उनके नजदीकी रिश्तेदार सईद मुमताज़ के अनुसार जॉन एलिया की भाषाओँ में खासी रूचि थी। बचपन में मदरसे से जहाँ उन्होंने अरबी फारसी का ज्ञान प्राप्त किया, आगे अध्यन के दौरान अंग्रेजी वे धारा प्रवाह बोलने लगे और हिब्रू और संस्कृत भी चलती फिरी सीख ली।

1947 में देश के टुकड़े होने पर जॉन का दिल भी खासा टूटा। वे साम्यवादी विचारधारा के पोषक होने के कारण धर्म के आधार पर बंटवारे के घोर विरोधी थे और हर हाल भारत में ही रहना चाहते थे। अंत में अधिकांश परिवार के पाकिस्तान चले जाने के फलस्वरूप १९५६ में कराची में जाकर बस गए। अपने आखरी समय आने तक वे अपने जन्म के शहर अमरोहा को बहुत प्यार से याद करते रहे। अपनी अर्थपूर्ण शायरी और मुशायरों में दिलफरेब अंदाज़ से प्रस्तुति के कारण जॉन एलिया पाकिस्तान में भी काफी लोकप्रिय और ख्यात नाम हो गए।

विधा के गंभीर जानकारों के अनुसार परम्परागत उर्दू शायरी की ज़मीन पर रहते हुए जॉन एलिया को सदा जीवन में आदर्श की तलाश रहती थी। वास्तविक जीवन में आदर्श कहाँ? लोगों की मक्कारी और बनावट पर उन्हें गुस्सा आता था जिसके चलते उन्होंने अपने ही अंदाज़ से नए मूल्य शायरी में स्थापित किए हैं। उनकी शायरी क्लासिक आशिक-माशूक की शायरी न होकर धरती पर रहते औरत-आदमी के प्रेम/नफरत  की खुरदरी ज़मीन पर लिखी गयी शायरी है। जॉन एलिया का विरह भी आज के आदमी का है जो बादलों को संदेशवाहक बनाने के बदले माशूक से सीधा मुखातिब होता है। उनका कलाम समाज द्वारा स्थापित मूल्यों के विरुद्ध गुस्से और अपनी जिद के आगे न झुकने की शायरी है। अंतत उनकी यही हट्धर्मी उनके टूटने का कारण भी बनी लगती है। तल्ख़ हालात और अपनी तबियत की संवेदना के कारण जॉन एलिया  साब खुले अराजकतावादी – शून्यवादी हो गए थे, जिनकी सदा अपने परिवेश से लड़ाई रहने लगी थी। अपने अच्छे समय में शायरी के अतिरिक्त उनके द्वारा इस्माइलिया सेक्ट पर बहुत शोधपूर्ण कार्य के साथ अन्य साहित्यिक रचनाओं का अनुवाद भी किया गया है।

जॉन एलिया साब खूब लिखते थे पर अपनी फक्कड तबियत, अलमस्तजीवन शैली और हालत से समझौता न करने की आदत के कारण इनकी पहली पुस्तक ’शायद’ मंज़र-ए-आम तक 1991 में ही आ सकी। इसके प्रकाशन में खुद जॉन एलिया साब ने खूब ढ़िलाई की और रचनाओं के चयन में ही दस से अधिक और संकलन की एडिटिंग में ही पांच वर्ष लगा दिए। खुद जॉन एलिया साब का अपने कलाम के बारे में क्या नजरिया था, देखिये -..

अपनी शायरी का जितना मुन्किर मैं हूँ, उतना मुन्किर मेरा कोई बदतरीन दुश्मन भी ना होगा। कभी कभी तो मुझे अपनी शायरी ……. बुरी, बेतुकी …… लगती है… इसलिए अब तक मेरा कोई मज्मूआ शाये नहीं हुआ.. और जब तक खुदा ही शाये नहीं कराएगा उस वक्त तक शाये होगा भी नहीं…।

नजदीकी मित्रों की काफी समझाइश से ही जॉन साब ने पुस्तक का मसौदा फाइनल किया। यह दिलजला शायर तब तक तिल-तिल मरता हुआ ज़िदा लाश बन चुका था। इस अनूठे शायर, विद्वान और मनीषी को तल्ख़ हालत ने पहले ही घायल किया हुआ था उस पर हद दर्जे के  मदिरापान ने कोढ़ पर खाज का काम कर उन्हे अर्धविशिप्त सा बना दिया था। मुशायरों और काव्यगोष्ठियों में जाना लगभग बंद करके यह शायर अपने आप में ही सिमट कर रह गया था। अगर किसी महफ़िल में पहुंचे भी तो नशे में चूर बेहाल खुद ही अपने मेंटल होने का ऐलान करते हुए। उनकी पुस्तक ’शायद’ को लोगों ने हाथों हाथ लिया, पढ़ा और सराहा। किताब के नौ संस्करण जल्द ही निकल गए। इससे जॉन एलिया साब की लोकप्रयता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। पर जॉन एलिया से तो किस्मत नाराज़ सदा से थी, शायद इसी लिए इस मुमताज़ शायर, विद्वान और अत्याधिक संवेदनशील इंसान ने 8 नवम्बर 2002 को अपने सभी प्यारों से दूर एक दोस्त के घर लंबी बीमारी के बाद, इस बेरहम दुनिया को अलविदा कह दिया।

जॉन साब की कविताओं का अगला संकलन ’यानि’ उनके मरणोपरांत सन 2003 में प्रकाशित हुआ। तदुपरांत उनके नजदीकी मित्र खालिद अंसारी द्वारा उनकी कविताएँ गुमान (2004), लेकिन (2006) और गोया (2008) नाम से पुस्तकों के रूप प्रकाशित की गईं और इन किताबों ने साहित्यिक हलकों में खासी लोकप्रिय पायी। जॉन एलिया साब ने शायरी विधा के लगभग सभी घटक ग़ज़ल, नज़्म, और कते आदि बहुत खूब लिखे हैं। जॉन एलिया  जीवन की बिसात पर तो नाकामयाब इंसान थे ही साहित्यिक दुनिया में भी गुटबंदी और अलमस्त तबियत के चलते उन्हें वो मुकाम हासिल नहीं जिसके वे हकदार थे। जॉन साब के विशाल खजाने से कुछ रचनायें सुधि पाठकों के समक्ष पेश करने की एक अदना सी कोशिश की जा रही है।

गज़ल
………….

गाहे गाहे बस अब यही हो क्या
तुमसे मिल कर बहुत खुशी हो क्या

मिल रही हो बड़े तपाक के साथ
मुझको यक्सर भुला चुकी हो क्या

याद हैं अब भी अपने ख्वाब तुम्हे
मुझसे मिलकर उदास भी हो क्या

बस मुझे यूँही एक ख्याल आया
सोचती हो तो सोचती हो क्या

अब मेरी कोई जिंदगी ही नहीं
अब भी तुम मेरी जिंदगी हो क्या

क्या कहा इश्क जाविदानी है
आखरी बार मिल रही हो क्या

हाँ फज़ा यहां की सोई सोई सी है
तो  बहुत तेज रौशनी हो क्या

मेरे सब तंज बेअसर ही रहे
तुम बहुत दूर जा चुकी हो क्या

दिल में अब सोजे इंतज़ार नहीं
शमे उम्मीद बुझ गयी हो क्या

…………………………………………………………………………………..

नज्म
……………….

तुम जब आओगी तो खोया हुआ पाओगी मुझे
मेरी तनहाई में ख़्वाबों के सिवा कुछ भी नहीं

मेरे कमरे को सजाने की तमन्ना है तुम्हें
मेरे कमरे में किताबों के सिवा कुछ भी नहीं

इन किताबों ने बडा ज़ुल्म किया है मुझ पर
इन-में एक रम्ज़ है जिस रम्ज़ का मारा हुआ ज़हन

मुज़दा-ए-इशरत अंजाम नहीं पा सकता
ज़िंदगी में कभी आराम नहीं पा सकता

[ रम्ज़=जादू ,रहस्य ,मुज़्दा =अच्छी खबर ,इशरत= खुश जिंदगी ]

…………………………………………………………………………………………………..

कता
……….

शर्म, दहशत, झिझक, परेशानी
नाज़ से काम क्यों नहीं लेती

आप, वो, जी, मगर यह सब क्या है
तुम मेरा नाम क्यों नहीं लेती

………………………………………………………………………

 

जॉन एलिया साब के बारे में और पढ़ने के लिये उनके ऊपर बने विकीपीडिया पेज पर दिये लिंक्स सहायक होंगे।

प्रस्तुती – (रफत आलम)

नवम्बर 28, 2010

विश्वनाथ प्रताप सिंह : कवि और चित्रकार

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह को बहुत सारे लोग भारत के सबसे विवादास्पद प्रधानमंत्री भी कहेंगे।

27 नवम्बर श्री वी.पी सिंह की पुण्य तिथि है अगर वे जीवित होते तो इस साल 25 जून को उनका 79वाँ जन्म दिवस मनाया जाता।

लोकनायक जय प्रकाश नारायण के बाद वही ऐसे राजनेता हुये जिन्होने विपक्ष में रह कर भारत की राजनीति में भूचाल ला खड़ा किया।

अस्सी के दशक के अंत में मंडल कमीशन की सिफारिशों के विरुद्ध खम ठोक कर विरोध करने वाले लोग भी श्री वी.पी.सिंह को सिर्फ इसी एक मुद्दे के बलबूते नकार नहीं पायेंगे। अच्छा या बुरा जैसा भी रहा हो उनके द्वारा उठाये गये कदम का परिणाम पर उनके कदम ने भारत की राजनीति की दिशा ही बदल दी, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता।

इतिहास ऐसे मुँह नहीं मोड़ सकता भारत के पिछले साठ साल के एक ऐसे राजनेता से जिन्होने ईमानदारी के नाम पर सत्ता हासिल करके दिखा दी। जून जुलाई की भयानक गर्मी में मोटर साइकिल पर सवार होकर उन्होने इलाहाबाद में चुनाव प्रचार किया था और अमिताभ बच्चन द्वारा इस्तीफा दिये जाने से खाली हुयी सीट पर हुये उपचुनाव में श्री लाल बहादुर शास्त्री के सुपुत्र श्री सुनील शास्त्री को हराया था। एसी में बैठ रणनीति बनाने वाले नेताओं के बलबूते की चीज नहीं है ऐसा परिश्रम।

नब्बे के दशक में खुद उनके पास चलकर गया प्रधानमंत्री पद सम्भालने का प्रस्ताव, जिसे उन्होने स्वास्थ्य कारणों से ठुकरा दिया। विरोधाभास निस्संदेह उनके व्यक्तित्व का हिस्सा था। युवावस्था में ही अपनी रियासत की बहुत सारी जमीन उन्होने विनोबा भावे के भूदान आंदोलन से प्रेरित होकर दान कर दी थी। देहरादून में अपनी करोड़ों अरबों की जमीन उन्होने ऐसे ही छोड़ दी उन लोगों के पास जो नाममात्र का किराया देकर वहाँ दुकानें आदि चलाते थे। श्री वी.पी सिंह उन बिरले राजनेताओं में से रहे हैं जिन पर धन के भ्रष्टाचार का आरोप कोई नहीं लगा सकता।

उन्हे सिर्फ एक राजनेता ही नहीं कहा जा सकता। श्री वी.पी सिंह में कई व्यक्तित्व दिखायी देते हैं और उन्हे सिर्फ किसी एक मुद्दे पर खारिज नहीं किया जा सकता। वे एक बेहतरीन कवि, लेखक, चित्रकार और फोटोग्राफर भी थे।

राजा नहीं फकीर है
देश की तकदीर है

का बेहद सटीक नारा गढ़ने वाला व्यक्ति बेहद सक्रिय और तीक्ष्ण बुद्धि का मालिक रहा होगा जिसकी लेखन क्षमता के बारे में संदेह नहीं किया जा सकता।

मंडल कमीशन लागू करने के सामाजिक और राजनीतिक निर्णय ने उनके व्यक्तित्व को बहुत हद तक भ्रम भरे बादलों के पीछे ढ़क दिया है। उनके राजनीतिक जीवन का मूल्यांकन राजनीतिक इतिहास लिखने वाले लोग करेंगे पर राजनीति से परे उनके अंदर के कलाकार पर तो लेखक और कलाकार समुदाय निगाह डाल ही सकता है।

उनकी कविता में गहरे भाव रहे हैं। उन्होने तात्कालिक परिस्थितियों से उपजी कवितायें भी लिखीं जो काल से परे जाकर भी प्रभाव छोड़ने की माद्दा रखती हैं।

कांग्रेस से इस्तीफा देते समय उन्होने यह कविता भी रची थी।

तुम मुझे क्या खरीदोगे
मैं बिल्कुल मुफ्त हूँ

उनकी कविता आधुनिक है, उसमें हास-परिहास, चुटीलापन भी है और व्यंग्य भी। उनकी कविता बहुअर्थी भी है। बानगी देखिये।

काश उसका दिल एक थर्मस होता
एक बार चाह भरी
गरम की गरम बनी रहती
पर कमबख्त यह केतली निकली।

वे नेताओं के राजनीतिक जीवन की सांझ के दिनों पर भी कविता लिखे बिना नहीं माने।

उसने उसकी गली नहीं छोड़ी
अब भी वहीं चिपका है
फटे इश्तेहार की तरह
अच्छा हुआ मैं पहले
निकल आया
नहीं तो मेरा भी वही हाल होता।

कविता भारत के लगभग हर नेता के जीवन का सच उजागर कर देती है।

आदर्शवाद उनकी कविताओं में भी छलकता है और शायद इसी आदर्शवाद ने उन्हे राजनीति में कुछ खास निर्णय लेने के लिये प्रेरित किया होगा।

निम्नलिखित कविता में नेतृत्व को लेकर कितनी बड़ी बात वे कह गये हैं।

मैं और वक्त
काफिले के आगे-आगे चले
चौराहे पर …
मैं एक ओर मुड़ा
बाकी वक्त के साथ चले गये।

मनुष्य की अंहकार भरी प्रकृति और खासतौर पर समाज में शक्तिशाली व्यक्ति के हथकंडों पर उन्होने एक बेहतरीन कविता लिखी थी।

भगवान हर जगह है
इसलिये जब भी जी चाहता है
मैं उन्हे मुट्ठी में कर लेता हूँ
तुम भी कर सकते हो
हमारे तुम्हारे भगवान में
कौन महान है
निर्भर करता है
किसकी मुट्ठी बलवान है।

मानव मस्तिष्क के अंधेरे बंद कोनों को भी खूब खंगाला उन्होने और कविताओं और पेंटिंग्स के माध्यम से उन्हे अभिव्यक्ति दी।

निराशा का भाव भी उनकी कविताओं में झलकता है और वैराग्य का भाव भी किसी किसी कविता के माध्यम से बाहर आ जाता है।

उनकी एक कविता है मुफ़लिस, जो राजनेता के रुप में उनकी मनोदशा को बहुत अच्छे ढ़ंग से दर्शाती है।

मुफ़लिस से
अब चोर बन रहा हूँ मैं
पर
इस भरे बाज़ार से
चुराऊँ क्या
यहाँ वही चीजें सजी हैं
जिन्हे लुटाकर
मैं मुफ़लिस बन चुका हूँ।

सितम्बर 9, 2010

प्रणव मिस्त्री का डिजिटल संसार : वाह उस्ताद वाह

भारतीय मूल के श्री प्रणव मिस्त्री की कल्पना, और उस कल्पना को साकार कर दिखाने की कला को देखिये और सराहिये उनके जज्बे, बुद्धिमत्ता और परिश्रम को।

साधुवाद प्रणव जी!

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 44 other followers