कविताऐं महज भावनाऐं नहीं हैं, वे अनुभव हैं।
एक कविता सीखने की खातिर तुम्हे शहरों, लोगों और चीजों को देखना होता है।
तुम्हे समझना होता है, महसूस करना पड़ता है कि पक्षी कैसे उड़ते हैं,
और इन इशारों को जानना होता है जो नन्हे फूल सुबह उठते ही दर्शाते हैं।
कला “पाब्लो पिकासो” की दृष्टि में
हर कोई कला को समझना चाहता है। चिड़िया के गाये गीत को समझने की चेष्टा क्यों नहीं करते? पेंटिंग के मामले में लोगों को समझना होता है... पर क्यों?
वे लोग जो चित्रों की व्याख्या करना चाहते हैं सरासर गलती पर होते हैं।
रबिन्द्रनाथ टैगोर की एक खूबसूरत कविता है जिसमें वे कहते हैं -
मैं बहुत सारे जन्मों से ईश्वर की खोज करता रहा हूँ। कभी मैंने उसे दूरस्थ तारे के समीप देखा और मैं अत्याधिक प्रसन्नता से भर गया कि भले ही तारा बहुत दूर था पर उस तक पहुँचना असंभव तो न था। और मैं उस ओर चल पड़ा लेकिन जब तक मैं वहाँ पहुँचता, ईश्वर किसी और स्थान की ओर चला गया। लेकिन वह अभी भी दिख रहा था, अपनी ओर आमंत्रित करता हुआ, मेरे अंदर आशा का संचार करता हुआ।
और मैं जन्मों जन्मों से इस ब्रह्मांड के चक्कर लगा रहा हूँ, ईश्वर की प्राप्ति के लिये।
एक दिन ऐसा हो गया कि मैं ईश्वर के घर पहुँच गया। मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा था कि मैं वहाँ पहुँच गया था। यह इतने बड़े आश्चर्य की बात थी पर मैं तब भी दरवाजे की ओर बढ़ा। जैसे ही मैं दरवाजा खटखटाने वाला था कि मेरे हाथ जड़ हो गये। मेरे अंदर एक विचार कौंधा – रुको ज़रा, सोच तो लो। दरवाजे पर यह लिखा हुआ है कि यह ईश्वर का घर है। अगर यह वास्तव में ही ईश्वर का घर हुआ तो तुम समाप्त हो गये। तुम्हारी खोज खत्म हो गयी। उसके बाद क्या करोगे?
लाखों सालों की तुम्हारी ट्रेनिंग है सिर्फ खोजने की। तुम एक खोजक की भांति तो एकदम अनुशासित हो पर प्राप्तकर्ता की तरह नहीं। यह बिल्कुल नया है तुम्हारे लिये और तुम इससे नितांत अपरिचित। और सबसे बड़ी बात…खोज उस परम की, परम ईश्वर की, जिसके परे खोजने को कुछ भी नहीं है। उसके बाद क्या करोगे? उसके बाद क्या बनोगे? और यह तो सदैव बनी रहने वाली शून्यता की स्थिति बन जाने वाली है।
वह अपने जूते अपने हाथों में ले लेता है। उसे भय था कि जब वह सीढ़ियाँ उतरता हो तो ईश्वर आहट सुनकर दरवाजा न खोल दे…। और वह बिना पीछे देखे सरपट भाग आया।
कविता बहुत खूबसूरत है क्योंकि यह आगे कहती है -
मैं उसकी खोज में पुनः लग गया हूँ। मैं उसे जान गया हूँ, उसके घर को पहचान गया हूँ अतः उधर जाने से बचने का भरकस प्रयास करता हूँ। मैं हर दिशा में जाता हूँ पर ईश्वर के घर की दिशा से दूर ही रहता हूँ क्योंकि मुझे पता है कि उससे मिलने का मतलब है मेरी समाप्ति।
बुद्धत्व कुछ और नहीं है तुम्हारे खात्मे के सिवा। यह विशुद्ध मौन के अतिरिक्त्त कुछ और नहीं है। प्राकृतिक रुप से मानव डरता है और सोचता है – बुद्धत्व न पाकर इसकी खोज में निरंतर लगे रहना ही श्रेयकर है।
यह जो कथा रबिन्द्रनाथ की कविता की मार्फत मैंने तुम्हे बतायी, यह सभी की कहानी है।
इसीलिये मैं कहता हूँ – तुम बुद्ध हो पर तुम इसे पहचानना नहीं चाहते, स्वीकृति नहीं देना चाहते।
तुम कोई ऐसा रास्ता खोजना चाहते हो जिससे कि तुम बुद्धत्व की खोज बार बार शुरु कर सको।
बर्फीले तूफान के कारण गाड़ी बहुत धीमे धीमे चल पा रही थी। कप्तान साहब परेशान थे कि अगर समय रहते सुंरग तक न पहुँच पाये और किसी दुर्घटनावश सुरंग बंद हो गयी तो बहुत दिक्कत आ जायेगी। वे चालक से तेज चलाने के लिये कह भी नहीं पा रहे थे। इतने भारी हिमपात में वह गाड़ी चला पा रहा था यही बहुत बड़े साहस की और मूर्खता की बात थी। जब मैदानी बेस स्टेशन से चले थे तो हल्के हिमपात के ही आसार थे और उन्होने अनुमान लगाया था कि अगर हिमपात बढ़ा तो भी वे समय रहते सुरंग पार कर जायेंगे और उसके बाद तो धीरे धीरे भी गाड़ी चलायी तो भी अगले दिन तक कैम्प तक पहुँच ही जायेंगे। इसलिये वे सुबह छह बजे ही बेस स्टेशन से चल पड़े थे। पर दुर्भाग्य से रास्ते में ही हिमपात अनुमान से ज्यादा होने लगा और वे अपने अनुमानित समय से कुछ घंटे की देरी से सुरंग के पास पहुँचे। उनकी गाड़ी से पहले ही ट्रकों एवम अन्य वाहनों की कतारें सड़क पर खड़ी थीं। उनकी गाड़ी सुरंग से कम से कम १ किमी पहले ही रुक गयी। नीचे उतर कर पहले से खड़ी गाड़ियों से मालूम किया तो पता चला कि वहाँ लैंड-स्लाइडिंग होने से सुरंग का मुँह बंद हो गया है। बर्फबारी रुकने से पहले सुरंग की सफाई का काम शुरु नहीं हो सकता। इतनी भारी बर्फबारी में मशीने और मजदूर ही वहाँ तक नहीं आ सकते। बर्फबारी रुक भी जाये तो भी आड़े तिरछे खड़े वाहनों को हटाने में ही बहुत समय लग जाना है।
कप्तान साहब चिंतित हो गये। दुश्मन ने पर्वतों की चोटियों पर स्थित उनकी चौकियों पर चुपके से कब्जा कर लिया था। उनके लिये गाड़ी में रखी अत्यंत जरुरी सामग्री को अपने कैम्प तक ले जाना बहुत जरुरी था। चालक के अलावा उनके साथ सिक्योरिटी के लिये दो जवान और थे। उन्होने गाड़ी में मौजूद वायरलैस से बेस स्टेशन या कैम्प पर सम्पर्क साधने के लिये एक जवान से कहा परंतु सम्पर्क स्थापित नहीं हो पाया। आतंकवादियों ने अलग दहशत फैला रखी थी राज्य में।
वे चिंतित होकर इधर उधर टहल रहे थे। कभी सुरंग की ओर जाते वाहनों के बीच स्थान खोजते हुये और कभी अपनी गाड़ी के पीछे की तरफ जाते। पीछे से उनके बाद भी कई वाहन आ गये थे।
समय बीत नहीं रहा था।
कुछ देर बाद उन्होने सेना की वर्दी पहने कुछ जवानों को कमर पर पिट्ठू बैग कसे हुये पास के ढ़लान से उतरते हुये देखा। उन्हे ऐसा लगा जैसे वे सुरंग के दूसरी ओर से आये हैं। वे लपक कर उनके उतरने की जगह के करीब पहुँचे। छह जवान सावधानी से ढ़लान से नीचे उतर रहे थे। जवान भी अपने सामने सेना के एक अधिकारी को खड़े देखकर कुछ चौकन्ने हो गये। उन्होने कप्तान साहब को सेल्यूट किया।
कप्तान साहब ने पूछा,” क्यों मेजर, क्या सुरंग के दूसरी तरफ से आ रहे हो आप लोग”।
जी साहब, उधर भी ऐसा ही हाल है। सुरंग बंद हो गयी है और वाहन अटके खड़े हैं। हम लोग तो कोई चारा न देखकर पैदल ही चढ़ाई करके आ रहे हैं। हमें लगा था कि इधर आ जायेंगे तो हो सकता है कि कोई वाहन वापिस जाने की तलाश में हो और हमें जगह मिल जाये
कहाँ जा रहे हो आप लोग?
साहब हम लोग तो छुट्टी पर घर जा रहे हैं। आप यहाँ कैसे अटक गये?
कप्तान साहब बातें करते करते उन्हे अपनी गाड़ी तक ले आये थे। कप्तान के साथ सेना के जवानों को देखकर उनकी गाड़ी में बैठे चालक और दोनों जवान भी गाड़ी से बाहर आ गये।
उन्होने जवानों से पीछे गाड़ी में बैठने को कहा। सब अंदर बैठ गये तो कप्तान साहब ने अपने साथ आये जवानों से थर्मसों में रखी चाय सबको देने के लिये कहा।
चाय पीकर सबके शरीर भी खुले और दिमाग में भी चुस्ती आयी।
कप्तान ने जवानों को बताया कि कैसे वे यहाँ अटक गये हैं और कैसे उनका कैम्प पर पहुँचना बहुत जरुरी है। उन्होने समस्या की गम्भीरता उन्हे बतायी।
जवानों ने कहा,” साहब सुरंग के दूसरी ओर तो सड़क का भी बहुत बुरा हाल है। बर्फ हटाये बिना वाहन चल भी नहीं सकते। अगर आप हमारी तरह चढ़ाई करके उधर पहुँच भी गये तो उधर कोई वाहन मिल भी सकता है परंतु इंतजार तो करना ही पड़ेगा जब तक कि रास्ता साफ न हो जाये”।
कप्तान साहब चिंतित स्वर में बोले,” अरे बहुत दिक्कत हो जायेगी अगर सामान न पहुँचा समय पर”।
थोड़ी देर गाड़ी में चुप्पी समायी रही। जवान एक दूसरे की ओर देख रहे थे। नये आये जवानों ने आँखों-आँखों में कुछ बातें कीं और उनमें से एक जवान ने कहा,” साहब एक काम हो सकता है। हममें से दो पिछले साल सर्दियों में भी ऐसे ही सुरंग के पास फँस गये थे। इतना खराब मौसम नहीं था पर सुरंग के दूसरी ओर वाहनों की दुर्घटना होने के कारण रास्ता बंद हो गया था और जाम लग गया था। बर्फ भी पड़ने लगी थी पर इतनी भारी बर्फबारी नहीं थी उस वक्त। हम आठ लोग थे और हम लोगों को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। हम लोगों ने पैदल ही रास्ता पार किया था। सुरंग से करीब दस किमी चलना पड़ेगा पर आगे शायद मौसम ठीक हो और वाहन मँगवाया जा सके”।
कप्तान साहब की आँखों में चमक तो आयी पर उन्होने सीमायें भी जता दीं,” हम तो केवल तीन लोग हैं, चालक को तो यहीं गाड़ी के साथ रहना होगा, सामान हमारे पास बहुत है, बिना सामान के जाने का कोई मतलब नहीं और उसे छोड़ा भी नहीं जा सकता, बल्कि यहाँ गाड़ी के साथ भी एक और जवान चाहिये”।
कप्तान साहब कुछ कहना चाहते थे पर हिचकिचाहट के मारे कह नहीं पाये और गाड़ी से बाहर धुआँधार गिरती बर्फ को देखने लगे।
जवान कप्तान साहब की परेशानी समझ गये। सैनिकों के दिमाग और ह्रदय एक ही तरीके से काम करते हैं। उन्होने फिर से आपस में इशारों में बात की। आशायें, लाचारियाँ और फर्ज आपस में गुत्थमगुत्था हुये पर जो निकल कर आया उसने कप्तान साहब को चौंका दिया।
एक जवान ने कहा,” साहब, हम लोग आपके साथ चलते हैं। अपने अपने पिट्ठुओं में सामान भर लेंगे”।
“पर आप लोग छुट्टी पर जा रहे हैं। कितने समय बाद जा रहे होंगे। घर-परिवार के लोगों से मिलने की उत्सुकता होगी”।
“साहब आप इस बात की चिंता न करें। फर्ज छोड़कर तो भागेंगे नहीं। पीठ दिखाकर चले गये तो कैसी छुट्टियाँ? घरवालों के साथ रहते हुये भी कैसे कटेंगी वे”।
कप्तान साहब के पूरे चेहरे और आँखों में गर्व दमकने लगा। गर्वीले और जोशीले स्वर में उन्होने कहा,” शाबास मेजर! आप जैसे जाबांजों पर सेना और पूरा देश फख्र करता है”।
जवानों ने साहसी स्वर में कहा,” साहब चूँकि गाड़ी यहीं रहेगी आप चालक से इतना इंतजाम करने के लिये कह दीजिये कि हमारे घरों पर सूचना दे दे कि शायद आने में देरी हो जाये और एक दो दिन में हम सम्पर्क कर लेंगे।”
कप्तान साहब ने कहा,” उसकी आप लोग चिंता न करें। मैं कोशिश करुँगा कि आपके अधिकारी आपकी छुट्टियाँ रीशेडयूल कर दें। चालक के पास वायरलैस है वह बेस स्टेशन पर सम्पर्क साधने की कोशिश करता रहेगा और आप अपने डिटेल्स उसे देंदें वह सब सम्भाल लेगा”।
उन्होने झट से योजना बना दी। उन्होने कहा चूँकि हमारे पास केवल दो हथियारबंद जवान हैं सो दोनों हमारे साथ चलेंगे। गाड़ी के साथ चालक और आप में से कोई एक रुक जाओ।
जवानों ने झटपट अपने अपने पिट्ठुओं को खाली करके उनमें कप्तान साहब की दी हुयी सामग्री भर ली।
थोड़ी देर बाद ही बर्फीले तूफान को मात देते हुये अपने फर्ज़ को अंजाम देने के लिये भारतीय सेना के आठ जांबाज सैनिक अपने अपने कंधों पर भारी पिट्ठुओं को लादे चढ़ाई चढ़ते जा रहे थे।
उपलब्धियाँ अक्सर एकांगी होती है और इनसे प्राप्त अहंकार जीवन को एकरंगी बना देता है। जीवन तो भिन्न- भिन्न अनुभव लेने से समृद्ध होता है।
एक क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करके चादर तान के सो गये और मन में सोच लिया कि संसार फतेह कर लिया तो बहुत बड़ी भूल-भूलैया में फँस गये।
दौलत तुमने बहुत कमा ली या माता-पिता से मिल गयी और इसी कारण फूले-फूले रहने लगे तो तब तो तुम बहुत बड़े गरीब रह गये जीवन में। धन की अधिकता में तुमसे जीवन भर यह अहसास तो अनछुआ ही रह जायेगा कि अभाव क्या है?
बहुत बड़े पद पर पहुँच गये हो तो इस बात का अहंकार मत करना कि बस अब सारा जीवन तुम्हारी मुट्ठी में आ गया है, तुम अपने विभाग के सबसे छोटे पद पर काम करने वाले कर्मचारी के जीवन से एकदम अपरिचित हो। वह क्या सोचता है? उसकी क्या सीमायें हैं?
पाने का ही नाम जीवन नहीं है बल्कि अभाव भी एक जीवंत अनुभव है।
तुम बहुत बड़े कवि बन गये हो, पर जरा सोचो तो कि कितने अच्छे अच्छे गद्य लेखक दुनिया में तुम्हारे साथ ही विचरण कर रहे हैं और तुमने अभी तक श्रेष्ठ किस्म का गद्य रचने का आनंद नहीं लिया।
तुम तो सिर्फ अपने जैसा जीवन जानते हो। दिन के बहुत सारे घंटे व्यवसाय में ऊँचाई पाकर किसी बड़े पद पर आसीन होने की मह्त्वाकांक्षा का पीछा करने में खर्च हो जाते हैं तो ऐसी जीवनशैली से उत्पन्न व्यस्तता और अहंकार से तुम बहुत सारे अन्य तरह के भावों से अनभिज्ञ ही रह जाओगे।
अपने से अलग लोगों को, भले ही वे तुम्हारे सामने आर्थिक रुप से गरीब हों, उपलब्धियों में कमतर लगते हों, निम्न भाव से न देखना, किसी न किसी मामले में वे तुमसे ज्यादा उपलब्धि रखते होंगे।
केवल सफलतायें तुम्हे बहुत गहरे नहीं ले जा सकतीं। तुम्हे इसे भी जानना है कि असल में असफलता क्या है?
जब तक एक ही भाव के दोनों पूरक हिस्सों को नहीं जान लोगे तब तक दोनों ही से परे होने का अहसास नहीं जान पाओगे।
न पाने में अटकना है और न ही अभाव में। किसी भी एक भाव में अटक गये तो जीवन बेकार ही जाने के पूरे पूरे आसार बन जाते हैं। जीवन तो इन सब भावों से परे जाने के लिये है और इसके लिये एक भाव के दोनों परस्पर विपरित रुपों को जानना, पहचानना और जीना आवश्यक है।
किसी भी क्षेत्र में उपलब्धि पाना बहुत बड़ी योग्यता है और इसके लिये जीतोड़ प्रयास करो पर उपलब्धियों का अहंकार भूल कर भी न करो।
वास्तव में उपलब्धि जनित अहंकार का अकेला तत्व ही मनुष्य के जीवन को गरीब बना कर छोड़ देता है। इस अहंकार की उपस्थिति में आध्यात्मिक विकास असंभव है।
ये सब साधारण उपलब्धियाँ, जो तुम्हे बहुत बड़ी लगती हैं, और ये सारे अभाव जो तुम्हे बहुत बड़े लगते हैं, ये सारी बातें माध्यम हैं तुम्हे एक बड़े लक्ष्य की यात्रा से दूर रखने के। इन्ही सब बातों में अटक गये तो इन्ही के होकर रह गये।
जब जीवन में साधारण उपलब्धियों और अभावों से गुजर जाओगे तब तुम्हे आभास होगा उस अभाव का जिसे भरने के लिये की गयी यात्रा ही मनुष्य जीवन में सार्थकता ला पाती है।
बस साक्षी बने रहो, एक दिन वह प्यास जगेगी जरुर, एक दिन तुम उस परम यात्रा पर निकलोगे जरुर।
मोहम्मद का एक शिष्य है, अली। और अली मोहम्मद से पूछता है कि बड़ा विवाद है सदा से कि मनुष्य स्वतंत्र है अपने कृत्य में या परतंत्र! बंधा है कि मुक्त! मैं जो करना चाहता हूं वह कर सकता हूं या नहीं कर सकता हूं?
सदा से आदमी ने यह पूछा है। क्योंकि अगर हम कर ही नहीं सकते कुछ, तो फिर किसी आदमी को कहना कि चोरी मत करो, झूठ मत बोलो, ईमानदार बनो, नासमझी है! एक आदमी अगर चोर होने को ही बंधा है, तो यह समझाते फिरना कि चोरी मत करो, नासमझी है! या फिर यह हो सकता है कि एक आदमी के भाग्य में बदा है कि वह यही समझाता रहे कि चोरी न करो–जानते हुए कि चोर चोरी करेगा, बेईमान बेईमानी करेगा, असाधु असाधु होगा, हत्या करने वाला हत्या करेगा, लेकिन अपने भाग्य में यह बदा है कि अपन लोगों को कहते फिरो कि चोरी मत करो! एब्सर्ड है! अगर सब सुनिश्चित है तो समस्त शिक्षाएं बेकार हैं; सब प्रोफेट और सब पैगंबर और सब तीर्थंकर व्यर्थ हैं। महावीर से भी लोग पूछते हैं, बुद्ध से भी लोग पूछते हैं कि अगर होना है, वही होना है, तो आप समझा क्यों रहे हैं? किसलिए समझा रहे हैं?
मोहम्मद से भी अली पूछता है कि आप क्या कहते हैं?
अगर महावीर से पूछा होता अली ने तो महावीर ने जटिल उत्तर दिया होता। अगर बुद्ध से पूछा होता तो बड़ी गहरी बात कही होती। लेकिन मोहम्मद ने वैसा उत्तर दिया जो अली की समझ में आ सकता था। कई बार मोहम्मद के उत्तर बहुत सीधे और साफ हैं। अक्सर ऐसा होता है कि जो लोग कम पढ़े-लिखे हैं, ग्रामीण हैं, उनके उत्तर सीधे और साफ होते हैं। जैसे कबीर के, या नानक के, या मोहम्मद के, या जीसस के। बुद्ध और महावीर के और कृष्ण के उत्तर जटिल हैं। वह संस्कृति का मक्खन है। जीसस की बात ऐसी है जैसे किसी ने लट्ठ सिर पर मार दिया हो।
कबीर तो कहते ही हैं: कबीरा खड़ा बजार में, लिए लुकाठी हाथ।
लट्ठ लिए बाजार में खड़े हैं! कोई आए हम उसका सिर खोल दें!
मोहम्मद ने कोई बहुत मेटाफिजिकल बात नहीं कही।
मोहम्मद ने कहा, अली, एक पैर उठा कर खड़ा हो जा!
अली ने कहा कि हम पूछते हैं कि कर्म करने में आदमी स्वतंत्र है कि परतंत्र!
मोहम्मद ने कहा, तू पहले एक पैर उठा!
अली बेचारा एक पैर–बायां पैर–उठा कर खड़ा हो गया।
मोहम्मद ने कहा, अब तू दायां भी उठा ले।
अली ने कहा, आप क्या बातें करते हैं!
तो मोहम्मद ने कहा कि अगर तू चाहता पहले तो दायां भी उठा सकता था। अब नहीं उठा सकता।
तो मोहम्मद ने कहा कि एक पैर उठाने को आदमी सदा स्वतंत्र है। लेकिन एक पैर उठाते ही तत्काल दूसरा पैर बंध जाता है।
वह जो नॉन-एसेंशियल हिस्सा है हमारी जिंदगी का, जो गैर-जरूरी हिस्सा है, उसमें हम पूरी तरह पैर उठाने को स्वतंत्र हैं। लेकिन ध्यान रखना, उसमें उठाए गए पैर भी एसेंशियल हिस्से में बंधन बन जाते हैं। वह जो बहुत जरूरी है वहां भी फंसाव पैदा हो जाता है। गैर-जरूरी बातों में पैर उठाते हैं और जरूरी बातों में फंस जाते हैं।
किसी कारण दोनों लड़कों का मूड ऑफ था। दोनों ही अपने अपने विचारों में खोये हुये पैदल चलते रहे। बाहर से खामोश थे पर दोनों के ही अंदर तरह तरह के विचार उमड़ रहे थे।
जब उनकी तन्द्रा भंग हुयी तो वे कालेज से दूर चिड़ियाघर तक आ चुके थे। उन्होने सड़क किनारे खड़े फलों के ठेलेवाले से केले खरीदे और चिड़ियाघर की ओर सड़क किनारे बनी रेलिंग पर बैठकर केले खाते हुये इधर-उधर आते जाते लोगों को देखने लगे।
कुछ समय बाद उनका मूड कुछ ठीक हुआ तो एक लड़के ने कहा,” चलो यार हॉस्टल चला जाये”।
उन्होने सामने से गुजरते हुये एक अधेड़ उम्र के रिक्शे वाले को आवाज देकर रोका,” क्यों भैया, गुरुदेव पैलेस के पास चलोगे क्या”।
“चलेंगे, बाबू भैया, दस रुपये लगेंगे”।
“चलो”।
दोनों लड़के रिक्शा में बैठ गये। रिक्शा चली तो चलती हवा सुहानी प्रतीत हुयी।
अक्टूबर के माह में बादलों भरा दिन अच्छा लग रहा था। लड़कों का मूड दुरुस्त हो चला था।
रिक्शा चिड़ियाघर के सामने वाली सड़क से गुरुदेव पैलेस जाने वाली सड़क पर मुड़ने लगी तो पहले से उस मुख्य सड़क पर चल रही एक रिक्शा उनके सामने से गुजरी। रिक्शा चालक एक जवान युवक था और रिक्शे में दो लड़कियाँ बैठी हुयी थीं और आपस में हंसी ठिठोली करने में व्यस्त थीं।
पहले कभी भी लड़कियों को देखकर छींटाकशी न करने वाले लड़कों को न जाने आज क्या चंचलता सूझी कि एक लड़के ने सीटी बजा दी। सीटी तेज नहीं बजायी गयी थी पर इतनी हल्की भी नहीं थी कि आगे चल रही रिक्शे में बैठी लड़कियां न सुन पायें।
सीटी की आवाज सुनकर लड़कियों ने पीछे मुड़कर देखा और वापस हंसते हुये अपनी बातों में मशगूल हो गयीं।
लड़कों पर आज असामान्य व्यवहार हावी था।
एक लड़के ने रिक्शे वाले से कहा,” भैया, ज़रा तेज चलाओ, उस आगे वाले रिक्शे के बराबर में ले चलो”।
रिक्शे वाले ने कहा,” बाबू भैया, एक बात कहूँ”।
“हाँ, कहो”।
“आप लोग भले घरों के हो। अच्छे पढ़े लिखे हो। कल को बड़े आदमी बनोगे। ये सब छोटी हरकतें आपको शोभा नहीं देतीं।”
लड़कों को चुप पाकर रिक्शे वाले ने आगे कहा,” आप लोगों के पिता, चाचा वगैरहा मेरी ही उम्र के होंगे। उसी बुजुर्गियत के नाते कह रहा हूँ। और अपने जीवन के अनुभव से कहता हूँ बेटा कि समय बहुत बड़ा न्याय करने वाला होता है। यह सूद समेत वापस करता है। आज आप किसी की बेटी को छेड़ोगे, कल कोई आपकी बेटी को छेड़ेगा। समय ऐसा करेगा ही करेगा।”
रिक्शे वाले की नसीहत सुनकर लड़कों की सोच, जो इधर-उधर हिल गयी थी वापस अपनी नैसर्गिक स्थिति में आ गयी। वे भीतर ही भीतर शर्मिंदा महसूस करने लगे।
रिक्शे वाले ने कहा,” आप भले लगे इसलिये कह देने की इच्छा हो गयी।”
“आपने ठीक कहा, शुक्रिया”। लड़कों ने कहा।
उनका हॉस्टल भी आ गया था। वे रिक्शे से उतर गये। उन्होने रिक्शे वाले को पचास का नोट दिया। उसके पास खुले नहीं थे, लड़कों ने कहा कि फिर किसी और दिन हिसाब हो जायेगा।
हॉस्टल की ओर बढ़ते हुये एक लड़के ने अपने साथी से कहा,” यार, ज़िंदगी पता नहीं कैसे कैसे सिखा देती है और कहीं से भी गुरु ले आती है शिक्षा देने के लिये”।
बहुत समय पहले की बात है। देवताओं ने एक व्यक्त्ति की प्रार्थनाओं से परेशान होकर मुख्य देवता से कहा,” देव, यह व्यक्त्ति बिल्कुल भी वर देने योग्य नहीं है परंतु यह लगातार प्रार्थना कर रहा है सो अब इसे टाला भी नहीं जा सकता। इसके साथ दिक्कत यह है कि यह वर पाने के बाद उसका दुरुपयोग कर सकता है”।
मुख्य देव ने कुछ देर प्रार्थनारत व्यक्त्ति के बारे में विचारा और कहा,” घबराने की बात नहीं है इसे वर दे दो”।
देवताओं ने उस व्यक्त्ति से कुछ माँगने को कहा।
व्यक्त्ति ने तीन इच्छायें पूरी करने के लिये वर देने की माँग की।
देवताओं ने उसे अंडे जैसे नाजुक तीन गोले दे दिये और कहा,” जब भी तुम्हे अपनी इच्छा की पूर्ती करनी हो, एक गोले को जमीन पर गिराकर फोड़ देना और जो भी चाहो माँग लेना। तुम्हारी इच्छा पूरी हो जायेगी। ध्यान रखना कि एक गोला सिर्फ एक ही बार काम करेगा अतः सोच समझकर ही इन्हे उपयोग में लाना”।
व्यक्त्ति को तो जैसे सारा जहाँ मिल गया वह खुशी और उत्साह से भागता हुआ घर पहुँचा।
वह तुरंत अपने कमरे में जाकर वर माँगना चाहता था। वह कमरे में घुस ही रहा था कि उसका छोटा सा बेटा भागकर आया और उससे लिपट गया। इस अचानक हमले से व्यक्त्ति के हाथों का संतुलन बिगड़ गया और एक गोला नीचे गिर कर फूट गया। उसके क्रोध का ठिकाना न रहा और उसने क्रोधित होकर बेटे को डपटा,”तेरी आँखें नहीं हैं”।
व्यक्त्ति पर यह देखकर गाज गिर गयी कि इतना कहते ही उसके बेटे के चेहरे से दोनों आँखें गायब हो गयीं।
व्यक्त्ति तो जैसे आसमान से गिरा। वह रोने लगा। उसे बाकी दोनों गोले याद आये।
उसने एक और गोला अपने हाथ में लिया और आँखें बंद करके गोला जमीन पर गिराकर फोड़ दिया और माँगा,” मेरे बेटे के चेहरे पर आँखें लग जायें”।
उसने आँखें खोलीं तो यह देखकर वह आश्चर्य और दुख से भर गया कि उसके बेटे के सारे चेहरे पर आँखें ही आँखें लग गयीं थीं और वह विचित्र लग रहा था। अब व्यक्त्ति को माँगने में गलती करने का अहसास होने लगा।
मरता क्या न करता। उसने तीसरा गोला भी फोड़ा और माँगा कि उसके बेटे का चेहरा सामान्य हो जाये और पहले की तरह केवल दो ही आँखें सामान्य तरीके से उसके चेहरे पर रहें।
इस तरह से उसके कमाये गये तीनों वर बेकार हो गये।
पात्रता और वाणी का संयम दोनों बहुत महत्वपूर्ण बातें हैं जीवन में।
पात्रता कमायें और कदापि भी न अनर्गल बोलें न विचारें।
संत सिद्धार्थ ने कमरे में प्रवेश करते ही वहाँ पहले से मौजूद लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और अपने लिये नियत स्थान पर बैठ गये।
उन्होने लोगों से पूछा कि वे किस विषय पर चर्चा करना चाहते हैं?
एक सज्जन ने कहा,” महात्मन, कुछ मित्रता पर बताने का कष्ट करें। क्यों ऐसा होता है कि जिन लोगों को हम मित्र समझते हैं वही हमें धोखा देते हैं, हमें दुख पहुँचाते हैं। दुनिया में मित्रता के नाम पर इतनी धोखाधड़ी क्यों है?
संत सिद्धार्थ ने कहा,” ठीक है आज मित्रता और मित्र पर बात कर लेते हैं। सबसे पहला प्रश्न उठता है कि मित्र कौन है? आप लोग बतायें आप लोगों के लिये मित्र की परिभाषा क्या है?
महात्मन, जो सुख दुख में साथ रहे वही मित्र है।
जो संकट में साथ दे, सहायता करे वही मित्र है।
जो दुनिया के लाख विरोध के बाद भी साथ दे वही सच्चा मित्र है।
जो दिल से आपका भला चाहे वही मित्र है।
जो ईमानदारी से दोस्ती का रिश्ता निभाये वही सच्चा मित्र है।
लोगों ने अपनी समझ से मित्रता की भिन्न-भिन्न परिभाषायें कह दीं।
संत सिद्धार्थ ने कहा,” ठीक है, मित्र होने के कई लक्षण आप लोगों ने गिना दिये। आप लोगों ने कहा कि जो संकट में साथ दे वह सच्चा मित्र है, पर ऐसा देखा गया है कि सहायता करने वाले व्यक्ति के साथ कालांतर में सम्बंध ठीक नहीं रहते, कहीं न कहीं विगत में की गयी सहायता का अहसान ही तथाकथित मित्रों के मध्य दरार पड़ने का माध्यम बन जाता है। क्या ऐसा भी कहा जा सकता है कि यदि कोई व्यक्ति संकट में सहायता करता है वह मित्र बन सकता है? तब समाज सेवियों को क्या कहियेगा?
थोड़ा रुककर उन्होने अपनी बात आगे बढ़ाई,” मित्र और मित्रता की बात को यूँ समझते हैं… आपकी तरफ से कौन आपका मित्र हो सकता है? आप किस व्यक्ति के सच्चे मित्र हो सकते हैं? मित्रता एक तरफ से नहीं हो सकती। आपके विचार और भावनायें आदि भी महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।
उन्होने नजर सामने बैठे लोगों पर दौड़ाई और कहा,” मोटे तौर पर एक बात तय कर लें कि वह क्या भाव है जिसके पार करने पर सच्ची मित्रता की बुनियाद मजबूत हो जाती है? आप लोगों में मित्रता को लेकर निराशा है तो स्पष्ट है कि जितनी भी कसौटियाँ हैं आप लोगों के सामने मित्रता को परखने के लिये वे खरी नहीं उतरतीं क्योंकि अंत में आपको मित्रों से ठेस ही लगती है।
लोगों को चुप देखकर उन्होने कहा,” आप सबसे ज्यादा परेशान होते हैं उस मित्र से जो आपके अहं को ठेस पहुँचाता है। यह अंतिम और सबसे बड़ी कसौटी है जिसे पार करने के बाद ही सच्ची मित्रता की बुनियाद पड़ती है। इसे पार करे बगैर मित्रता में कोई सच्चाई उत्पन्न नहीं होती। इससे पहले सारी तथाकथित मित्रतायें भुरभुरे महल ही हैं जो जल्दी ही गिर जाते हैं। अगर आपके तथाकथित मित्रों में ऐसा कोई है जिसके सामने आपका अहं पिघल जाता है, वही आपकी तरफ से आपका मित्र बन सकता है।
इस अवस्था से पहले यदि कोई आपकी सहायता करता है तो गहरे में आपके अहं को ठेस लगती है। यदि आप ही किसी की सहायता कर रहे हैं तो आपके अंदर भी यह भावना जन्म लेती है कि आपने उस व्यक्ति के ऊपर अहसान किया है। अगर वह आपसे कुछ गलत व्यवहार करता है या आपकी उपेक्षा करता है तो आपको लगता है कि आपने तो उस पर अहसान किया और वह आपको ही उपेक्षित समझ रहा है। आप चाहते हैं कि वह आपके द्वारा की गयी सहायता को हमेशा याद रखे, पर यही बात आप तब लागू नहीं करना चाहते जब कोई आपकी सहायता करता है।
साधारण रिश्तों में व्यक्ति का अहंकार मौजूद रहता है अतः रिश्ते गहरायी नहीं पा पाते।
सच्चा मित्र आपके अहंकार की परवाह किये बगैर आपको टोकेगा जरुर जब भी आपको गलत राह पर चलता हुआ पायेगा। सच्चा मित्र कभी आपके साथ उस कर्म में खड़ा हुआ नहीं दिखायी देगा जो कर्म मानवता के बुनियादी उसूलों के खिलाफ जाते हों। आपको चाहे कितना बुरा लगे, वह इस बात की परवाह किये बिना ही आपको सत्य मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित करेगा। वह आपको गलत कर्म को करने के लिये साथ होने की ऊर्जा नहीं देगा। सच्चा मित्र तो बहुत बार आपके विरोध में खड़ा दिखायी देगा क्योंकि वह कटिबद्ध है आपको गलत मार्ग पर चलने से रोकने के लिये।
जो हर कर्म में, चाहे वे गलत ही क्यों न हों, साथ देते दिखायी देते हैं वे चापलूस होते हैं, सच्चे मित्र नहीं। सच्चा मित्र कैसे आपको पाप के मार्ग पर चलने देगा?
सच्चा मित्र वही है, जो भरपूर ईमानदारी से आपके अहंकार को ठेस पहुँचाये और तब भी आप उसके साथ के लिये अपने अंतर्मन में इच्छा को जिंदा पायें। बाकी सब तरह की मित्रतायें अवसरवादी हैं, सतही हैं, कम आयु की हैं।
कभी ऐसा ईमानदार मित्र मिल जाये जो मित्रता निभाने में भी उतना ही ईमानदार हो तो ऐसे सच्चे मित्र की मित्रता पाने के लिये अपने को भाग्यशाली समझना और उस मित्रता की रक्षा हर हाल में करना। और स्वयं भी ऐसा ही ईमानदार मित्र बनने की चेष्टा करना, बल्कि आपकी पहल ही ज्यादा महत्वपूर्ण है, आप स्वयं की ही दिशा तो संचालित कर सकते हैं। इस अवस्था के बाद मित्रता दुख नहीं देगी, ठेस नहीं पहुँचायेगी।
प्रकाश माइक के पास पहुँचे। उन्होने सामने बैठी और खड़ी भीड़ को देखा और बोलना शुरु किया।
आज मैं अंतिम बार इस स्कूल के प्रिंसीपल के रुप में आप सबसे बात कर रहा हूँ। इसी जगह खड़े होकर मैंने बरसों भाषण दिये हैं। आज जब मेरी नौकरी का अंतिम दिन है तो मैं सोचता हूँ कि इस शिक्षण संस्थान की नौकरी से तो मुक्ति मिल रही है पर क्या कल से मेरे अंदर बैठा शिक्षक भी सेवानिवृत हो जायेगा? क्या एक शिक्षक कभी भी अपने कर्तव्य से मुक्त्त हो सकता है? कुछ सवाल हैं जो मेरे अंदर उमड़ रहे हैं, उनके उत्तर भी मिल ही जायेंगे।
इस परिसर में इस मंच से अपने अंतिम सम्बोधन में एक कथा आप सबसे, विधार्थियों से खास तौर पर, कहना चाहूँगा।
बहुत साल पहले की बात है।
एक लड़का था। उम्र तकरीबन आठ-नौ साल रही होगी उस समय उसकी। एक शाम वह तेजी से लपका हुआ घर की ओर जा रहा था। दोनों हाथ उसने अपने सीने पर कस कर जकड़ रखे थे और हाथों में कोई चीज छिपा रखी थी। साँस उसकी तेज चल रही थी।
घर पहुँच कर वह सीधा अपने दादा के पास पहुँचा।
बाबा, देखो आज मुझे क्या मिला?
उसने दादा के हाथ में पर्स की शक्ल का एक छोटा सा बैग थमा दिया।
ये कहाँ मिला तुझे बेटा?
खोल कर तो देखो बाबा, कितने सारे रुपये हैं इसमें।
इतने सारे रुपये? कहाँ से लाया है तू इसे?
बाबा सड़क किनारे मिला। मेरे पैर से ठोकर लगी तो मैंने उठाकर देखा। खोला तो रुपये मिले। कोई नहीं था वहाँ मैं इसे उठा लाया।
तूने देखा वहाँ ढ़ंग से कोई खोज नहीं रहा था इसे?
नहीं बाबा। वहाँ कोई भी नहीं था। आप और बाबूजी उस दिन पैसों की बात कर रहे थे अब तो हमारे बहुत सारे काम हो जायेंगे।
पर बेटा ये हमारा पैसा नहीं है।
पर बाबा मुझे तो ये सड़क पर मिला। अब तो ये मेरा ही हुआ।
दादा के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आयीं।
नहीं बेटा, ये तुम्हारा पैसा नहीं है। उस आदमी के बारे में सोचो जिसका इतना सारा पैसा खो गया है। कौन जाने कितने जरुरी काम के लिये वह इस पैसे को लेकर कहीं जा रहा हो। पैसा खो जाने से उसके सामने कितनी बड़ी परेशानी आ जायेगी। उस दुखी आदमी की आह भी तो इस पैसे से जुड़ी हुयी है। हो सकता है इस पैसे से हमारे कुछ काम हो जायें और कुछ आर्थिक परेशानियाँ इस समय कम हो जायें पर यह पैसा हमारा कमाया हुआ नहीं है, इस पैसे के साथ किसी का दुख दर्द जुड़ा हो सकता है, इन सबसे पैदा होने वाली परेशानियों की बात तो हम जानते नहीं। जाने कैसी मुसीबतें इस पैसे के साथ आकर हमें घेर लें। उस आदमी का दुर्भाग्य था कि उसके हाथ से बैग गिर गया पर वह दुर्भाग्य तो इस पैसे से जुड़ा हुआ है ही। हमें तो इसे इसके असली मालिक के पास पहुँचाना ही होगा।
प्रकाश ने रुककर भीड़ की तरफ देखा, सभी रुचि के साथ उन्हे सुन रहे थे। वे आगे बोले।
किस्सा तो लम्बा है। संक्षेप में इतना बता दूँ कि लड़के के पिता और दादा ने पैसा उसके मालिक तक पँहुचा दिया।
इस घटना के कुछ ही दिनों बाद की बात है। लड़का अपने दादा जी के साथ टहल रहा था। चलते हुये लड़के को रास्ते में दस पैसे मिले, उसने झुककर सिक्का उठा लिया।
उसने दादा की तरफ देखकर पूछा,”बाबा, इसका क्या करेंगे। क्या इसे यहीं पड़ा रहने दें। अब इसके मालिक को कैसे ढ़ूँढ़ेंगे?” दादा ने मुस्कुरा कर कहा,” हमारे देश की मुद्रा है बेटा। नोट छापने, सिक्के बनाने में देश का पैसा खर्च होता है। इसका सम्मान करना हर देशवासी का कर्तव्य है। इसे रख लो। कहीं दान-पात्र में जमा कर देंगे।
बाबा, इसके साथ इसके मालिक की आह नहीं जुड़ी होगी?
बेटा, इतने कम पैसे खोने वाले का दुख भी कम होगा। इससे उसका बहुत बड़ा काम सिद्ध नहीं होने वाला था। हाँ तुम्हारे लिये इसे भी रखना गलत है। इसे दान-पात्र में डाल दो, किसी अच्छे काम को करने में इसका उपयोग हो जायेगा।
लड़के को कुछ असमंजस में पाकर दादा ने कहा,” बेटा उधार का धन, भाग्य और ज्ञान काम नहीं आता। वह अपने साथ मुसीबतें भी लाता है। अपने आप अर्जित किया हुआ ही फलदायी होता है”।
लड़के के दादा एक प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे।
आज वह लड़का आपके सामने आपके प्रिंसीपल के रुप में खड़ा है। ईमानदारी और स्वयं अर्जित करने की शिक्षा मैंने अपने बाबा से ग्रहण की थी। मुझे संतोष है कि उनकी शिक्षा के कारण मैं जीवन में ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वाह कर सका। मुझे भरपूर संतोष है। आज मैं अपने बाबा के द्वारा दी गयी सीख आप सबको सौंपता हूँ। मुझे विश्वास है, कि यहाँ मौजूद सारे लोग नहीं तो कुछ अवश्य ही इस विरासत को अपनायेंगे। कुछ भी अर्जित करने की इच्छा हो उसे स्वयं ही अपनी बुद्धि और लगन से प्राप्त करें। ऐसा करना आपके लिये एक साफ-सुथरे और तनाव रहित जीवन की बुनियाद प्रदान करेगा।